
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini24 डेस्क समस्तीपुर। भारत सरकार द्वारा संचालित एक आवासीय विद्यालय प्रणाली के पटना संभाग अंतर्गत कटिहार संकुल के जवाहर नवोदय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए जिले के बिरौली स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में दो दिवसीय संकुल स्तरीय कला उत्सव का समारोहपूर्वक शुभारंभ हुआ। इसमें मेजबान सहित कटिहार संकुल के 21 विद्यालयों के 156 छात्र-छात्रायें हिस्सा ले रहे हैं।
कला उत्सव के प्रथम दिन प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि मध्य विद्यालय बेला पचरुखी के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार, प्राचार्य टी.एन. शर्मा, उप प्राचार्य आर.एस.झा, निर्णायक मंडल में शामिल मंगलेश कुमार, साधना कुमारी एवं जिले के प्रख्यात रंगकर्मी विनय सिन्हा ने करतल ध्वनि के बीच संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. टी.एन.शर्मा ने अतिथियों का मिथिला के परंपरानुसार पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र, पाग़ एवं मोमेंटो देकर अभिनंदन किया। तदुपरांत अपने स्वागत संबोधन में प्राचार्य ने बच्चों में छिपी प्रतिभा की खोज हेतु आयोजित इस कला उत्सव के औचित्य एवं प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बच्चों के सर्वांगीन विकास केलिए प्रतिबद्ध व संकल्पित है। इस तरह के आयोजनों से एक तरफ बच्चे उत्सवी माहौल के कारण रिचार्ज हो जाते हैं वहीं दूसरी तरफ उनकी नैसर्गिक प्रतिभा को उभारने और निखारने में सहायता मिलती है।
मुख्य अतिथि मुकेश कुमार ने अपने संबोधन में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उनका भरपूर उत्साह वर्धन किया। मौके पर पूसा प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी रवीश कुमार रवि, विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र व पूसा के बीसीओ राजीव नयन, विद्यालय के शिक्षक डॉ. मनिंदर कुमार, अखिलेश कुमार, बी.एन. झा, रजनीश कुमार, योगेंद्र चौधरी, आनंद भगत, नीलम कुुमारी, पूनम कुमारी, श्वेता कुमारी, किरण सिंह आदि की सक्रियता से कार्यक्रम अपनी भव्यता और उत्कृष्ट को समेटे रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका अर्चना कुमारी एवं छात्र पुष्पक कुमार ने किया।
प्रतियोगिता के प्रथम दिन अनवद्य वाद्य, कथा वाचन एवं प्रदर्श कला का आयोजन किया गया। आज संवाद शैली में राम कथा, चाणक्य चंद्रगुप्त कथा एवं विकसित भारत @ 2047 पर आधारित कथा की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। संकुल के सभी विद्यालयों के टीम लीडर और प्रतिभागी कलाकारों ने भी जेेएनवी बिरौली के मेजबानी की भूरी-भूरी प्रशंसा की।