
ओइनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क दलसिंहसराय । कई दिनों से पानी की समस्या से जूझ रहे मोहल्लेवासियों ने महज प्यास बुझाने को लेकर सड़क पर परिवार के साथ पूरी रात गुजारी। सात निश्चय योजना के माध्यम से हर घर नल का जल पहुंचाने के सुशासनी दावे की पोल खोलता यह अजीबो गरीब मंजर दिखा प्रखंड क्षेत्र के बसढिया पंचायत स्थित महनैया सहनी टोला में।
जहां पानी की समस्या को लेकर वार्ड वासियो ने सोमवार की देर शाम सड़क पर ही डेरा जमा दिया और आवागमन ठप्प कर दिया। देखते ही देखते सडक के दोनों ओर छोटे बडे वाहनों की कतारें लग गई।
इस संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार बसढिया पंचायत के उक्त वार्ड में भीषण गर्मी में लो वोल्टेज के कारण जलापूर्ति विगत कई दिनों से पूरी तरह बंद है। जिससे मोहल्ले के दर्जनों घरों में पानी की समस्या उत्पन्न हो गई।
कुछ लोग दूर से पानी लाकर काम चला रहे है। परन्तु पंचायत के वार्ड 13 एंव 14 वार्ड में पानी के बिना मोहल्लेवासी खासा परेशान है।
कई बार शिकायत के बाद भी लो वोल्टेज की समस्या दूर नहीं होने पर पानी की समस्या उत्पन्न हो गई। बिजली विभाग के वरीय अधिकारी से लेकर कनीय अधिकारी से बात करने पर भी समस्या का निदान नहीं होने से नाराज मोहल्लेवासी अपनी अपनी प्यास बुझाने को लेकर पूरी रात सड़क पर सो कर गुजार लिया।
मंगलवार की सुबह सड़क जाम होने की सूचना पर सीमावर्ती क्षेत्र के मुखिया विल्किस खातून ने टैंकर से पानी भेजकर लोगो की तत्कालीन राहत पहुंचायी। इधर जनप्रतिनिधि के पहल पर एसडीओ किशन कुमार ने सडक पर जमंे लोगों को अविलंब समस्या के समाधान का आश्वासन देकर सड़क जाम समाप्त कराया।
एसडीओ किशन कुमार ने बताया कि पीएचईडी के एसडीओ को भेजकर समस्या को दूर करने के लिए निर्देशित किया गया है। वहीं बिजली विभाग के पदाधिकारी को भी वोल्टेज की समस्या के अविलंब निपटारे केलिए निर्देशित किया गया है।