
Oini News Network
ओईनी 24 पूसा । जिले के पूसा प्रखण्ड स्थित ठहरा पंचायत में व्याप्त लूट-खसोट व भ्रष्टाचार के खिलाफ भाकपा-माले का मनरेगा कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन घेरा डालो-डेरा डालो आंदोलन 13वें दिन दिन भी जारी रहा। आंदोलन के समर्थन में प्रखंड कमिटी सदस्य दिनेश राय अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर चैथे दिन भी बैठे रहे। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इस दौरान माले कार्यकर्ताओं ने ठहरा पंचायत की मुखिया एवं मनरेगा पीओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंदोलनकारी प्रखंड के ठहरा पंचायत में 15वीं वित्त आयोग एवं छठे राज्य वित्त आयोग द्वारा प्रदत्त राशि से की गई तमाम योजनाओं की जांच, मनरेगा योजनाओं में लूट-खसोट,भ्रष्टाचार, फर्जी निकासी, फर्जी फोटो अपलोड करने, आवास योजना में लाभुकों से अवैध वसूली, नाम जोड़ने एवं जियो टैगिंग के नाम पर जनता से की गई नाजायज वसूली आदि की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे।
आयोजित सभा की अध्यक्षता करते हुए भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि ठहरा पंचायत की मुखिया की योजनाओं को जांच से बचाने के लिए दलाल- बिचैलियों का तंत्र सक्रिय है। ये वही तंत्र है जो कमीशन को नीचे से ऊपर तक पहुँचाता है।
पंचायत की योजनाओं को कमीशनखोरो के हवाले भाकपा-माले नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सुप्तावस्था में है। कल से आंदोलन को तेज किया जाएगा। जब तक हमारी मांगो पर जांच कर कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक आंदोलन चलता रहेगा।
मौके पर भाकपा-माले जिला कमिटी सदस्य रौशन कुमार, महेश कुमार, प्रखंड कमिटी सदस्य दिनेश राय, रविन्द्र कुमार सिंह, अखिलेश सिंह, राजाराम सिंह, भागनारायण राय, अजय कुमार, जितेन्द्र राय, समेत आरवाईए प्रखंड सचिव डाॅ. मुकेश कुमार, श्री ओम आदि मौजूद थे।