
Oini 24
ओईनी न्यूजा नेटवर्क समस्तीपुर । हिन्दी की बिंदी उर्दू सही मायने में प्रेम की भाषा है। यह गंगा जमुनी तहजीब की निशानी है। आज बगैर उर्दू के सरस हिन्दी की कल्पना बेमानी है। बिहार सरकार और जिला प्रशासन लगातार उर्दू की उन्नति के लिए कोशिश कर रहा है।
जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग उर्दू निदेशालय के तत्वाधान में जिला उर्दू भाषा कोषांग समाहरणालय समस्तीपुर के द्वारा आयोजित फरोगे उर्दू सेमिनार, मुशायरा एवं कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए उक्त बातें कही।
शहर के कर्पूरी सभागार में आयोजित समारोह में अतिथियों के स्वागत व दीप प्रज्वनल की औपचारिकता के बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कोई भी भाषा आम बोलचाल में प्रयोग होने पर ही जीवित रहती है अर्थात उन्नति करती है।
जिला अधिकारी ने आगे कहा कि पिछले 8-10 सालों से मैं उर्दू भाषा की पुस्तकों को पढ़ और समझ रहा हूं इस भाषा की मिठास हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करती है। उर्दू के शब्दों का प्रयोग करके हम अपने विचारों को मजबूती के साथ व्यक्त करते हैं।
श्री कुशवाहा ने आगे कहा कि उर्दू राज्य की दूसरी सरकारी भाषा है। इसे हर किसी को सीखने की कोशिश करनी चाहिए। नई शिक्षा नीति के अनुसार मातृभाषा में ही बच्चों को प्राइमरी शिक्षा देने का प्रावधान है। आप सभी उर्दू शिक्षक यहां जिले के विभिन्न प्राइमरी स्कूलों से आए हैं हम आशा करते हैं आप अपने विद्यालय में उर्दू की शिक्षा को और भी मजबूती के साथ बच्चों को दें ताकि उर्दू की तरक्की की कोशिश को मजबूत किया जाए।
श्री कुशवाहा ने कहा कि उपनिदेशक अल्पसंख्यक कल्याण विभाग रजनीश कुमार राय लगातार उर्दू की उन्नति के लिए जमीनी सतह पर कोशिश कर रहे हैं इनका यह कार्य सराहनीय है।
इसके पुर्व जिलाधिकारी श्री कुशवाहा के साथ उप विकास आयुक्त शैलजा पांडे, उप विकास आयुक्त शैलजा पांडे, अपर समाहर्ता बृजेश कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार, उपनिदेशक जिला अल्पसंख्यक कल्याण रजनीश कुमार राय, प्रभारी पदाधिकारी जिला उर्दू कोषांग मोहम्मद खालिद अनवर जिलानी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
तदुपरांत उपनिदेशक जिला अल्पसंख्यक कल्याण रजनीश कुमार राय, ने अतिथियों एवं पदाधिकारियों को शाॅल एवं पौधा से सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अधिकारी रोशन कुशवाहा और संचालन उर्दू अनुवादक आलम सिद्दीकी ने किया।
कार्यक्रम के दूसरे सेशन में डॉक्टर बिस्मिल आरिफी की अध्यक्षता और मुकीम दानिश के संचालन में मुशायरा आयोजित हुआ। जिसमें असरार दानिश, आसिफ वकील ,अयूब अंसार, काविश जमाली ,डॉक्टर बिस्मिल आरिफी ,मुकीम दानिश ,प्रवीण कुमार चुन्नू , नकी समस्तीपुरी, आफताब समस्तीपुर, रंजन लता ने कविता पाठ किया। प्रभारी पदाधिकारी जिला उर्दू भाषा कोषांग मोहम्मद खालिद अनवर जिलानी के धन्यवाद ज्ञापन के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर तारीक जमा, निम्न वर्गीय लिपिक उर्दू रहमत अली, उर्दू अनुवादक शाजिया तमकीन, और मोहम्मद शारिक रहमान लवली, मौलाना इजहार अशरफ सरफराज फाजिलपुरी इत्यादि उपस्थित थे।