
ओईनी न्यूज नेटवर्क
समस्तीपुर। शहर के स्टेशन चैक स्थित गांधी स्मारक परिसर में बुधवार को संत शिरोमणि रविदास की जयंती सवर्ण मोर्चा अध्यक्ष अर्जुन प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता बिहार प्रदेश रामचरित मानस प्रचार संघ के उपाध्यक्ष शिक्षाविद डॉ परमानन्द लाभ ने अपने सम्बोधन में संत शिरोमणि स्वामी रविदास को महाराज मानव धर्म का समुद्धारक करार दिया। उन्होंने कहा कि वे जात-पात, उंच-नीच आदि के भेद भाव से अलग एक समतामूलक समाज की स्थापना के पक्षधर थे। आज जब सारा संसार त्रय-ताप से विदग्ध हो रहा है, रविदास सरीखे महापुरुष की उपादेयता और भी अधिक हो जाती है।
सभा का संचालन गांधी स्मारक प्रतिष्ठान के सचिव विनयकृष्ण जी ने किया। रविदास के व्यक्तित्व व कृतित्व पर विचार रखने वालों में डॉ आरके दिवाकर, किशोरी सिंह, डॉ रामसजीवन पाण्डेय आदि शामिल थे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा वैद्यनाथ सिंह ने की।
