
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क मुंगेर। जिस तरह शिक्षा दिमाग को स्वस्थ रखती है, उसी तरह खेल शरीर को स्वस्थ रखते हैं। इसलिए, शिक्षा और खेल दोनों ही बहुत ज़रूरी हैं।
मुंगेर यूनिवर्सिटी के आर.एस. कॉलेज, तारापुर में सीजन 2025–26 का इंटर-कॉलेज फुटबॉल टूर्नामेंट (पुरुष वर्ग) का उद्घाटन करते हुए मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो (डॉ) घनश्याम राय ने उक्त बातें कही।
उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जीवन और खेल के मैदान में एक समानता है कि सफलता और विफलता, हार और जीत लक्ष्य पाने तक प्रयास के आखिरी पल तक साथ साथ चलते हैं। आखिरी पल की चूक में अंतिम निर्णय बदल जाता है। इसलिए एक हार या असफलता से आपकी क्षमता और प्रतिभा को कमतर नहीं आंका जा सकता।
बताते चलें कि मुंगेर यूनिवर्सिटी के आर.एस. कॉलेज, तारापुर में सीजन 2025–26 का इंटर-कॉलेज फुटबॉल टूर्नामेंट (पुरुष वर्ग) का गुरुवार को शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर सबसे पहले अतिथियों का माला, शॉल आदि से स्वागत अभिनन्दन के बाद कुलसचिव डॉ. घनश्याम राय ने प्राचार्य एवं अतिथियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर फुटबॉल टूर्नामेंट 26 का विधिवत उद्घाटन किया।

तदोपरांत उन्होंने मौजूद सभी खिलाड़ियों से मिल कर परिचय प्राप्त किया, शुभकामनाएं दीं और उनसे जीतने के लक्ष्य के साथ खेलने और हारने वालों को हार से प्रेरणा ले कर दुगुने दमखम व जोश के साथ अगली बार जीतने का लक्ष्य लेकर खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। इस क्रम में उन्होंने सच्ची खेल भावना के साथ खेलने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि फुटबॉल एक विश्व स्तर पर लोकप्रिय खेल है, जो रोमांच और उत्साह से भरा है, और यह सैकड़ों लोगों को आकर्षित करता है। खेल के दौरान दर्शक सिर्फ गोल ही नहीं आपकी एक–एक गतिविधियों और हरकतों पर नजर रखते हैं।