
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
विभूति कुमार
Oini 24 समस्तीपुर। जिले के विभिन्न इलाकों में शुक्रवार देर शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ भीषण ओलावृष्टि एवं बारिश ने कहर बरपाया। मौसम में आए इस बदलाव से जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
फसल प्रभावित :
इस बाबत मिली जानकारी के अनुसार, ओलावृष्टि और आंधी के कारण आम, लीची, गेहूं तथा सब्जी की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। खासकर बागवानी करने वाले किसानों को ज्यादा नुकसान हुआ है, क्योंकि आम और लीची के पेड़ों पर लगे मंजर झड़ गए हैं। वहीं गेहूं की तैयार फसल भी खेतों में गिर गई है, जिससे उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका है।
पेड़ पौधे व कई घर क्षतिग्रस्त :
पूसा, कल्याणपुर, वारिसनगर, बिथान, विद्यापति नगर, दलसिंहसराय, हसनपुर खानपुर आदि क्षेत्रों में भी तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से हालात गंभीर बताए जा रहे हैं। कई स्थानों पर तेज हवा के कारण पेड़-पौधे, खपरैल व एस्बेस्टस के घर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
सतर्क रहने की सलाह :
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे तक मौसम का मिजाज इसी तरह तल्ख बना रह सकता है। तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मुआवजा की मांग :
उधर किसानों ने प्रशासन से फसल नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।