
उप श्रमायुक्त दरभंगा प्रमंडल ने स्वीप एक्टिविटी के तहत श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के साथ किया कार्यस्थलों का भ्रमण
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। हम सब का सामूहिक दायित्व है कि हम लोग लोकतंत्र को मजबूत बनाएं और इसमें सभी श्रमिकों एवं कामगारों की भी भागीदारी जरूरी है ।
उप श्रमायुक्त दरभंगा प्रमंडल राकेश रंजन ने विधानसभा चुनाव 2025 के अवसर पर स्वीप एक्टिविटी के तहत श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी कल्याणपुर राजीव कुमार के साथ जिले के कल्याणपुर प्रखंड के दो बड़े निर्माण कार्यस्थलों का भ्रमण के दौरान उक्त बातें कही।
इस दौरान उन्होंने वहां कार्यरत सभी कामगारों एवं निर्माण श्रमिकों को मतदान दिवस के अवसर पर उनको प्राप्त होने वाले सर्वैतनिक अवकाश की जानकारी दी और कहा कि मतदान दिवस के दिन सभी कामगारों एवं श्रमिकों को सवैतनिक अवकाश प्राप्त करने का अधिकार है।
इसलिए सभी कामगार एवं श्रमिक मतदान दिवस को मतदान अवश्य करें अपनी पसंद का जनप्रतिनिधि एवं सरकार का चुनाव करें तथा अपना मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।
इस क्रम में सर्वप्रथम पदाधिकारी द्वय ने कल्याणपुर प्रखंड के जटमलपुर पंचायत में निर्माणा धीन एससी एसटी आवासीय हॉस्टल एवं अकबरपुर में निर्माणाधीन दरभंगा आमस सिक्स लेन सड़क निर्माण कार्य स्थल तथा कंपनी के कैंप में का भ्रमण कर वहाँ कार्यरत सैकड़ो निर्माण श्रमिकों एवं अन्य कामगारों को जानकारी दी कि सचिव, श्रम संसाधन विभाग के द्वारा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 135(ख ) के तहत आगामी विधानसभा चुनाव हेतु निर्धारित मतदान दिवस 6 नवंबर और 11 नवंबर को सभी कामगारों हेतु सवैतनिक अवकाश दिए जाने का आदेश निर्गत किया गया है ।
सभी कामगारों एवं श्रमिकों से उन्होंने अनुरोध किया कि सभी लोग मतदान दिवस को अपने विधानसभा क्षेत्र में जाकर मतदान अवश्य करें।
इसके पश्चात उप श्रमायुक्त ने समस्तीपुर जिले के हसनपुर सुगर मिल का भी भ्रमण किया जहां उनके साथ श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी हसनपुर सुनीति कुमारी तथा श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रोसड़ा वेदवती व शुगर मिल के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
उप श्रमायुक्त ने सुगर मिल के नियोजन एवं मैनेजमेंट प्रतिनिधि को यह निर्देश दिया कि मतदान दिवस को वे सभी कामगार एवं श्रमिकों को निश्चित रूप से सवैतनिक अवकाश देंगे तथा सभी को प्रेरित करेंगे कि वे अपना मतदान अवश्य करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी कामगारों एवं श्रमिकों की भी भागीदारी सुनिश्चित हो ।