
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 भभुआ। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय उद्यमिता एवं लघु व्यवसाय विकास संस्थान (निसबड), भारत सरकार द्वारा आयोजित नौ दिवसीय आवासीय सौर ऊर्जा प्रशिक्षण कार्यक्रम सरदार बल्लभ भाई पटेल महाविद्यालय, भभूआ कैमूर में सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।
उद्यमिता के नए अवसर :
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी, भभुआ अमित कुमार ने कहा कि आज के समय में ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता देश की सबसे बड़ी जरूरत है। पारंपरिक ऊर्जा स्रोत सीमित हैं, जबकि सौर ऊर्जा एक स्वच्छ, सस्ती और अक्षय ऊर्जा है। ऐसे में भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जो आम नागरिकों को न केवल बिजली में आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी प्रदान करेगी।
उद्यमी बनकर समाज और देश के विकास में योगदान :
उन्होंने कहा कि, आप सभी को सौर ऊर्जा की तकनीकी जानकारी, सोलर पैनल इंस्टॉलेशन, रख-रखाव, सुरक्षा मानकों तथा स्वरोजगार के अवसरों से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित यह नौ दिवसीय सौर ऊर्जा प्रशिक्षण कार्यक्रम अपने आप में एक सराहनीय पहल है। इस प्रशिक्षण से आप न केवल कुशल तकनीशियन बनेंगे, बल्कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उद्यमी बनकर समाज और देश के विकास में योगदान दे सकेंगे।
प्रशिक्षण का उठाएं लाभ :
यह प्रशिक्षण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आर्थिक सशक्तिकरण का भी सशक्त माध्यम है। प्रशिक्षणार्थियों से आग्रह करता हूँ कि वे इस प्रशिक्षण का पूर्ण लाभ उठाएँ और प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में लाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनें।
स्वागत व धन्यवाद ज्ञापन :
इस अवसर पर निसबड के कोऑर्डिनेटर सोनू पटेल एवं प्रशिक्षक अमित कुमार वर्मा ने सौर ऊर्जा प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर डॉ मीरा कुमारी, गजेंद्र कुमार के साथ ही महाविद्यालय के कई शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मियों के साथ ही विद्यार्थियों का उत्साह सराहनीय रहा।आगत अतिथियों का स्वागत और धन्यवाद ज्ञापन प्रभारी प्राचार्य डॉक्टर महेश प्रसाद ने किया।