
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 दलसिंहसराय। श्री राम जानकी हीरालाल साह धर्मशाला न्यास बोर्ड एवं विजुअल आर्ट फाउंडेशन कला केंद्र, भगवानपुर चकशेखू में प्रस्तावित कला भवन एवं धर्मशाला निर्माण की दिशा में सुगबुगाहट शुरू हो गई है।
विस्तृत कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा :
इस क्रम में गुरुवार को स्थानीय सांसद नित्यानंद राय के प्रतिनिधि समस्तीपुर भाजपा दक्षिणी के जिलाध्यक्ष शशिधर झा तथा सांसद के आप्त निजी सचिव शिव कुमार ने श्री राम जानकी हीरालाल साह धर्मशाला न्यास बोर्ड एवं विजुअल आर्ट फाउंडेशन के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। जिसमें कला भवन एवं धर्मशाला निर्माण की विस्तृत कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
भूमि चिन्हित कर किया निरीक्षण :
परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए एवीयन इंफ्रास्ट्रक्चर एंड एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड का स्वीकृति आवेदन संस्था को सौंपा गया। साथ ही निर्माण कार्य के लिए प्रस्तावित भूमि चिन्हित कर उसका निरीक्षण किया गया, ताकि आगामी प्रक्रियाओं को शीघ्र गति प्रदान की जा सके।
सांसद ने की थी घोषणा :
गौरतलब है कि, कुछ दिन पूर्व विजुअल आर्ट फाउंडेशन द्वारा आयोजित सात दिवसीय निःशुल्क समर आर्ट कैंप के समापन समारोह में पधारे भारत सरकार के गृह राज्य मंत्री सह स्थानीय सांसद नित्यानंद राय ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए ₹5 करोड़ की सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। इसी घोषणा को मूर्त रूप देने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई थी।
उपस्थिति :
बैठक में न्यास बोर्ड के अध्यक्ष मनोज कुमार सोनी, सचिव चंदन प्रसाद, कोषाध्यक्ष संजय सोनी, सलाहकार मुकेश ठाकुर, सदस्य अमित मालाकार विजुअल आर्ट फाउंडेशन के मो० सुलेमान, डॉ संजीव प्रकाश, उत्सव जयसवाल, हेमंत आनंद, संतोष कुमार, सज्जन कुमार, मोती कुमार, चंदन चौधरी, आदि उपस्थित रहे।