
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर/शिवाजीनगर । शुक्रवार को दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना अंतर्गत बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति जीविका के माध्यम से प्लस टू उच्च विद्यालय प्रखंड शिवाजी नगर में एकदिवसीय रोजगार सह-मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया।

इस मेले में शिव शक्ति एग्रीटेक लिमिटेड हैदराबार सहित कुल 17 नियोक्ता कंपनियों के प्रतिनिधि ने भाग लिया। इस अवसर पर सबसे पहले मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री आलोक कुमार सिंह, सीडीपीओ प्रियंका कुमारी, जिला रोजगार प्रबंधक रितेश सुमुख, प्रबंधक सामाजिक विकास सैयद मोहम्मद हसनैन, संचार प्रबंधक संतोष कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबन्धक नीतू कुमारी, प्रशिक्षण पदाधिकारी रंजीत कुमार, जितेंद्र कुमार एवं जीविका संकुल संघ के दीदियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर इस मेले का शुभारंभ किया।
इस मेले में शिवाजीनगर प्रखंड के अलावा आसपास के प्रखंडों के भी बेरोजगार युवक-युवतियों ने रोजगार एवं प्रशिक्षण हेतु विभिन्न कंपनियों में आवेदन किये। इस मेले में कुल 1265 युवाओं ने निबंधन कराया। जिसमें से 238 युवाओं को अगले चरण केलिए चयनित किया गया। इसके अलावा डीडीयूजीकेवाई में प्रशिक्षण हेतु आवेदन 75 और आरसेटी में प्रशिक्षण हेतु 135 युवओं ने आवेदन किया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी आलोक कुमार सिंह ने कहा कि योग्यता के अनुरूप मनोनुकूल नौकरी पाने का बेहतर साधन है रोजगार सह परामर्श मेला। इस तरह के मेले प्रखंड की शान और युवाओं केलिए वरदान होते हैं। यह जीविका परियोजना के बिना संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि इस तरह का मेला समय – समय पर प्रखंड में लगना चाहिए जिससे कि बेरोजगार युवा वर्ग मार्गदर्शन प्राप्त करते हुए अपने आजीविका को बढ़ा सके।
जीविका के जिला रोजगार प्रबंधक रितेश सुमुख ने कहा कि प्रत्येक वर्ष अलग-अलग प्रखंडों में रोजगार मेला के माध्यम से 18 से 35 वर्ष के युवा वर्ग को सीधी नौकरी या प्रशिक्षण उपरांत नौकरी की व्यवस्था की जाती है। जिसकी ट्रैकिंग लगातार की जाती है जिससे कि युवाओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और वह अपने आजीविका को बढ़ाने में सफल हो सके।
साथ ही उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों द्वारा विभिन्न जीविकोपार्जन संबंधी कार्य से जुड़ कर हर प्रकार का सामाजिक और आजीविका को बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है जो काफी सराहनीय है। अपने संबोधन में उन्होंने उपस्थित अभ्यर्थियों को रोजगार एवं प्रशिक्षण उपरांत स्वरोजगार हेतु विशेष मार्गदर्शन भी दिया गया।
मेले के आयोजन के लिए जीविका के सभी प्रखंड स्तरीय कर्मी एवं जिला से आये जीविका प्रबंधक तथा जीविका दीदियों का आभार व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी।