
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini24 डेस्क ओईनी। स्थानीय खुदीराम बोस पूसा स्टेशन के निकट रेलवे गुमटी नं0 66 पर आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रेल मंत्रालय के निर्देश पर मिट्टी जांच का कार्य शुरू कर दिया गया है। यह गुमटी दरभंगा और पटना को जोडने वाले क्षेत्र के लाइफ लाइन पथ पर अवस्थित है।
बताते चलें कि पूसा का ओईनी बाजार जिले का सबसे बडा आम एवं सब्जी निर्यातक क्षेत्र के रूप में सुविख्यात है। यहां स्थित सब्जी मंडी से प्रति दिन सैकडों छोटे बडे मालवाहक दरभंगा, पटना, मुजफ्फरपुर, सहरसा और कटिहार केलिए सब्जी लेकर रवाना होते हैं। दरभंगा, मुजफ्फरपुर, बेगुसराय, पटना, वैशाली आदि जिलेां के कारोबारी यहां से खरीददारी करते हैं।
वहीं गुमटी के दोनों ओर दर्जन भर शैक्षणिक संस्थान अवस्थित हैं। इसी पथ पर अवस्थित खुदीरामबोस पूसा के रास्ते 24 घंटे में 160 से अधिक मालगाडी व यात्री सवारी एवं एक्सप्रेस गाडियां गुजरती है। जिस कारण 24 घंटे में करीब 18 घंटे तो गुमटी बंद होता है।
जिससे यहां लगे घंटों जाम के कारण नौकरी पेशा लोग समय से कार्यस्थल पर नहीं पहुंच पाते हैं, वहीं बच्चे व शिक्षक भी विद्यालय समय से नहीं पहुंच पाते हैं। जाम के कारण एंबुलेंस से अस्पताल जा रहे मरीजों व पुलिस कर्मियेां की भी मुश्किलें भी कम नहीं।
इसको लेकर स्थानीय युवाओं ने समाजसेवी डाॅ नीरज कुमार मिश्रा एंव उनके सहयोगियों ने पुल नही तो वोट नहीं थीम पर गुमटी नं 66 पर आरओबी की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया था। जिसमें हजारों लोगों के हस्ताक्षर युक्त मांग पत्र सांसद, विधायक सहित सभी संबंधित पदाधिकारियों व मंत्रीयों को दिया था।
पिछले दिनो अपने एकदिवसीय दौरे पर कर्पूरीग्राम पधारे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर एवं सांसद सांभवी ने खुदीराम बोस पूसा स्थित समपार पर आरओबी की आवश्यकता का जिक्र करते हुए शीघ्र पुल निर्माण की मांग की थी।
युवाओं की पहल पर संज्ञान लेते हुए पिछले दिनों स्थानीय सांसद शांभवी एवं कल्याणपुर विधायक और बिहार सरकार के मंत्री महेश्वर हजारी ने स्थानीय लोगों की मांग पर खुदीराम बोसा पूसा स्टेशन के निकट स्थित इस गुमटी पर आरओबी निर्माण की आवश्यकता जताते हुए रेल मंत्री को पत्र भी लिखा था।
अपने पत्र में श्री हजारी ने कहा कि आरओबी बनने से न केवल स्थानीय लोगों को लाभ होगा बल्कि इस क्षेत्र का भी समुचित विकास हो सकेगा। पटना, दरभंगा, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। बहरहाल, मिट्टी जांच कार्य आरंभ होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
आरओबी के लिए हस्ताक्षर अभियान के सुत्रधार समाजसेवी डाॅ नीरज कुमार मिश्रा ने इस पहल का स्वागत करते हुए स्थानीय सांसद व विधायक दोनो नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि इसके बनने से स्थानीय लोगों को ही नहीं दरभंगा-पटना जाने वाले लोगों को भी फायदा होगा।
वहीं जदयू नेता सचिन जायसवाल ने कहा कि यह क्षेत्र के हजारों लोगों की मांग पूरी होने की दिशा में सार्थक पहल है। इसकेलिए सांसद व विधायक बधाई के पात्र है। इसके अलावा भाजपा नेता पुर्व प्रखंड प्रमुख संजय कुमार सिंह, दिलीप कुमार मिश्रा, शुभम जायसवाल, बजरंग अग्रवाल, अशोक पासवान, ध्रुव पाठक, रणधीर कुमार, कौशल मिश्र, अतुल राज, प्रखंड प्रमुख रविता तिवारी, आदि ने भी आर ओबी निर्माण की प्रक्रिया आरंभ होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए विधायक सह मंत्री एवं सांसद को बधाई दी है।