
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा इस वर्ष की थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग विषय पर बाईपास रोड स्थित पी डब्ल्यू पाठशाला परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर बीके तरुण ने कहा कि योग का अर्थ है जोड़, संबंध या कनेक्शन। राजयोग का अर्थ है- आत्मा का परमात्मा से जोड़, संबंध या कनेक्शन। इसका नियमित अभ्यास हमारे तन, मन, संबंध, पर्यावरण को स्वस्थ एवं निरोग रखता है और विद्यार्थी यदि इसका नियमित अभ्यास करें तो उनकी एकाग्रता, स्मरण शक्ति, ग्रहण शक्ति और विषय को समझने की शक्ति में अभूतपूर्व इजाफा होता है, मनोबल, आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होती है, जीवन में संयम, संतुलन एवं अनुशासन आता है जिससे सफलता सहज प्राप्त होती है।
आगे बताया गया- मन के विचारों को शुद्ध कर लेने से शरीर की 90 प्रतिशत तक बीमारियों से हम बच सकते हैं। राजयोग ही इसमें अग्रणी भूमिका अदा करता है। इस दौरान सविता बहन ने इस वर्ष की थीम पर राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया और पर्यावरण, वनस्पति सहित समस्त पृथ्वीवासियों के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त की।
तदुपरांत तरुण भाई ने सभी को म्यूजिकल एक्सरसाइज कराई। संचालन कृष्ण भाई ने आज के दिवस पर सारे विश्व के मानव मात्र के लिए- “सभी स्वस्थ हों”- ये शुभ संकल्प करवाया। पी डब्ल्यू पाठशाला के संचालक कृष्ण कुमार अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ओम प्रकाश भाई, मनीष अग्रवाल, अमरदीप जी, डीके सिंह, राकेश माटा, गोपालकृष्ण दुआ सहित पाठशाला के विद्यार्थीगण उपस्थित थे।