
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क मुंगेर।
मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो (डॉ) घनश्याम राय को 03 नवंबर, 2025 को एमएलएसएम कॉलेज, दरभंगा में आयोजित विद्यापति सेवा संस्थान, दरभंगा के 53वें वार्षिक सम्मेलन में मिथिला विभूति सम्मान, प्रशस्ति पत्र और पदक से सम्मानित किया गया। कुलसचिव ने सोमवार को कुलपति प्रोफेसर (डॉ) संजय कुमार को मेडल, प्रशस्ति पत्र और ‘दर्पण’ पत्रिका भेंट की।
इस अवसर पर डीएसडब्ल्यू प्रोफेसर महेश्वर मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर महेश कुमार मंडल, उप कुलसचिव द्वितीय डॉ अंशु कुमार राय, कुलानुशासक प्रोफेसर जयंत कुमार, कॉलेज निरीक्षक प्रोफेसर कलाल बाखला सहित अन्य उपस्थित थे।
इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार ने कहा कि मुंगेर विश्वविद्यालय के लिए यह अत्यंत हर्ष की बात है कि कुलसचिव को शिक्षा और शोध के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए *मिथिला विभूति पुरस्कार* से सम्मानित किया गया है। प्रशासनिक क्षेत्र में, वे पूर्णिया विश्वविद्यालय और एनओयू में कुलसचिव के पद पर कार्यरत रहे हैं और वर्तमान में मुंगेर विश्वविद्यालय में कार्यरत हैं।
इससे पहले, वे ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा में अधिकारी और दो महाविद्यालयों के प्रभारी प्राचार्य के रूप में कार्यरत रहे हैं। शैक्षणिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में उनका व्यापक अनुभव है। इसलिए, महामहिम राज्यपाल सह कुलाधिपति महोदय ने उन्हें तीसरे विश्वविद्यालय में कुलसचिव के पद पर नियुक्त किया है।