
समस्तीपुर । जिले के उजियारपुर प्रखंड स्थित भगवानपुर कमला गांव निवासी, समाजसेवी भाई राजू सहनी ने एक बार फिर जरूरत मंद की मदद कर अपने समाजिक दायित्व का निर्वहन किया है। इस बाबत मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह उजियारपुर प्रखंड स्थित रायपुर पंचायत के उजियारपुर में खाना बनाने के दौरान सिलेण्डर लीकेज होने से आग लग गयी। जिसमें विशुन देव महतो व उनके दोनों बेटे हरिवंश कुमार तथा शत्रुघ्न कुमार का घर एवं घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। इस दौरान खाना बना रही महिला पूजा कुमारी सामान को बचाने के क्रम में झुलस गयी। जिन्हें ईलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उजियारपुर में भर्ती कराया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही सुप्रसिद्ध समाजसेवी उजियारपुर प्रखंड के भगवानपुर कमला गांव निवासी, भाई राजू सहनी ने तत्काल अपने टीम के लोगों को पीड़ित परिवार से मिलने भेज दिया। साथ ही निजी कोष से करीब 25-30 हजार का राशन, बर्तन, कपड़े उपलब्ध कराये। साथ ही इस घटना में झुलसी महिला के ईलाज के लिए नकद राशि भी उपलब्ध कराया।
इस तरह के मामलों में प्रशासन सहायता के नाम पर मात्र एक छोटा सा पॉलिथिन देकर पल्ला झाड़ लिया जाता है। सहायता राशि देने में महीनों लगा दिया जाता है। इसमें सरकार को विचार और सुधार करने की जरूरत है।
पिड़ितों ने बताया कि सोमवार 03 मार्च की सुबह खाना बनाने के दौरान हुई इस घटना के समय सभी ग्रामीण घर पर ही थे। आग की लपटें देखकर सभी ग्रामीण पहुंचे, और आग पर काबू पाया। मगर तब तक देर हो चुकी थी, दोनों भाईयों का सारा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवारों ने बताया कि उजियारपुर अंचलाधिकारी आकाश कुमार के द्वारा सहायता के नाम पर महज एक पॉलिथिन उपलब्ध कराया गया है।
समाजसेवी राजू सहनी ने टेलिफोनिक बातचीत में बताया कि, उन्हें सोमवार देर रात करीब 11 बजे इस घटना की सुचना मिली। उन्होंने सुबह होते ही अपने लोगों को भेजकर, उनसे जो भी बन पड़ा सहायता कर दिया। इस परिवार के साथ वह आगे भी मजबुती के साथ खड़ा रहेंगे।
मौके पर भगवानपुर कमला पंचायत के सरपंच जयराम साहनी, राम श्रेष्ठ साहनी, हरेन्द्र साहनी, वरुण कुमार, कौशल सिंह, बटोरन साहनी, रंजीत साह, सिकन्दर सिंह, सियाराम राय, राजेश साहनी, श्रीराम साहनी, कपिल पासवान, चंन्द्रकान्त सिंह, ललित सिंह, राजेश सिंह, ललन सिंह, नीरज साहनी व चंदन सहनी सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।

