
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
डेस्क समस्तीपुर (एसएनबी)। बिहार सरकार के चतुर्थ रोड मैप के अंतर्गत डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के द्वारा संचालित कृषि ज्ञान वाहन के द्वारा आज कृषि विज्ञान केंद्र बिरौली में चलाए जा रहे पांच दिवसीय डेयरी फार्मिंग प्रशिक्षण में सभी प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न प्रकार के वीडियो के माध्यम से विभिन्न प्रकार की जानकारियां दी गई।
जिसमें पशुओं में कृमी नाशक का समय पर प्रयोग, टीकाकरण प्रणाली तथा पशुओं में विभिन्न प्रकार के लगने वाले रोग एवं उसके बचाव की जानकारी शामिल थे।
उक्त जानकारी देते हुए केविके बिरौली के अध्यक्ष सह वरीय वैज्ञानिक डाॅ आरके तिवारी ने बताया कि इस क्रम में पशुपालक किसानों को बरसात के दिनों में पशुओं की उचित रखरखाव, देखभाल तथा आवास व्यवस्था जरूरी हैं। इस संदर्भ में भी विस्तार से वीडियो के माध्यम से जानकारी दी गयी।
इस दौरान बीच-बीच में पशुपालकों के विभिन्न शंकाओं का समाधान भी किया गया। बताते चलें कि कृषि विज्ञान केंद्र बिरौली में दिनांक 21 तारीख से डेयरी फार्मिंग पर प्रशिक्षण चलाया जा रहा है।
25 जुलाई तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत कृषि ज्ञान वाहन के माध्यम से जगह-जगह गांव में जाकर किसानों तथा पशुपालकों के बीच विभिन्न प्रकार की जानकारी उपलब्ध कराई जायेगी।
डाॅ तिवारी ने बताया कि इस कार्यक्रम से किसान और ग्रामीण लाभान्वित हो रहे हैं।