
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। 2015 के बाद पहली बार 24 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समस्तीपुर आएंगे। जहाँ से वे चुनावी सभा का आगाज करेंगे। इसको लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी है। इसके तहत कर्पूरी ग्राम हाई स्कूल मैदान में हेलीपैड का निर्माण किया गया है। वही दूधपूरा हवाई अड्डा पर जनसभा की तैयारी भी पूरी हो चुकी है। जहां प्रधानमंत्री मोदी चुनावी जनसभा को पहली बार संबोधित करेंगे।
तैयारी को लेकर बिहार के चुनाव प्रभारी व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने समस्तीपुर पहुंचकर जायजा लिया और दोनों स्थलों पर जाकर तैयारी की समीक्षा की।
अपने यात्रा के दौरान सर्वप्रथम प्रधानमंत्री कर्पूरी ग्राम स्थित स्मारक भवन में जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। उसके बाद कर्पूरी ग्राम से दूधपूरा हवाई अड्डा तक सड़क मार्ग से पहुंचेंगे। जहां वर्ष 2025 में पहली चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
इस अवसर पर जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष राज्यसभा सांसद संजय झा, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यांनद राय, एमएलसी डॉ तरुण कुमार, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, भाजपा उत्तरी जिलाध्यक्ष नीलम देवी, एनडीए प्रत्याशी अश्वमेध देवी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि नामांकन की समय सीमा समाप्त होने के बाद तक विपक्ष में सीटों का बंटवारा नहीं हो सका है। इससे स्पष्ट है कि विपक्ष चुनाव से पहले ही बिखर गया है। इसलिए इस बार भी बिहार में एनडीए की सरकार बनना तय है।