
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 मुंगेर। नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड शिविर 2026 के लिए, मुंगेर विश्वविद्यालय से प्रेरणा कुमारी एवं अभिजीत राज विश्वविद्यालय और बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस बाबत जानकारी देते हुए मुंगेर विश्वविद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक मुनींद्र कुमार सिंह ने बताया कि, “युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (भारत सरकार) और क्षेत्रीय निदेशालय पटना के क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार के पत्रानुसार उक्त आशय की जानकारी दी गई है।”
माता या पिता होंगे विशेष अतिथि :
उन्होंने बताया कि, “गणतंत्र दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड 2026 को साक्षी के रूप में देखने के लिए पूरे भारत से राष्ट्रीय सेवा योजना के 100 स्वयंसेवकों एवं उनके माता-पिता में से किसी एक को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।”
कौन हैं प्रेरणा – अभिजीत :
विदित हो कि, प्रेरणा कुमारी डीएसएम कॉलेज झाझा की छात्रा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविका है। प्रेरणा के साथ उनके पिता उमेश कुमार राव शिविर में अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, अभिजीत राज राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक और कोशी कॉलेज खगड़िया के छात्र हैं।
23 को प्रेरणा होंगी शिविर में शामिल :
अभिजीत 1 जनवरी से आरम्भ गणतंत्र दिवस परेड शिविर 2026 में मुंगेर विश्वविद्यालय और बिहार का प्रतिनिधित्व कर रहे है। प्रेरणा 23 जनवरी को इस शिविर में शामिल होगी।
होंगे कई कार्यक्रम :
इस शिविर में शैक्षणिक गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर परेड, ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण, भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाकात इत्यादि कार्यक्रम होंगे।
कुलसचिव ने किया सम्मानित :
चयनित प्रतिभागी ने मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलसचिव से शिष्टाचार मुलाकात की। चयनित स्वयंसेवक को कुलसचिव डॉ घनश्याम राय ने एनएसएस टी-शर्ट, कैप, बैच, स्मृति चिन्ह एवं शाॉल प्रदान कर सम्मानित किया। और कहा कि, “बिहार से केवल 4 स्वयंसेवकों का चयन गणतंत्र दिवस परेड शिविर 2026 के लिए हुआ है। इसमें से मुंगेर विश्वविद्यालय के दो स्वयंसेवकों का चयन गर्व की बात है।”
कुलपति ने दी बधाई :
मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो डॉ संजय कुमार ने चयनित प्रतिभागियों को भेजे बधाई संदेश में कहा कि, “मुंगेर विश्वविद्यालय लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। रिपब्लिक डे कैंप के लिए प्रेरणा और अभिजीत का चयन मुंगेर विश्वविद्यालय के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। मुंगेर विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद पहली बार एनएसएस स्वयंसेवकों का आरडीसी कैंप के लिए चयन हुआ है।”
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा आयोजित शिविर में गणतंत्र दिवस परेड शिविर, राष्ट्रीय एकता शिविर और एडवेंचर कैंप में मुंगेर विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों का चयन एनएसएस की सक्रियता का परिणाम है।”
कुलपति के नेतृत्व में बनी राष्ट्रीय पहचान :
मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डाॅ घनश्याम राय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, “कुलपति की नेतृत्व क्षमता और कार्यक्रम समन्वयक की मेहनत ने राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय की अपनी पहचान बनी है। कार्यक्रम समन्वयक श्री सिंह 2022 के गणतंत्र दिवस परेड शिविर कैंप में बिहार एवं झारखंड का कंटिजेंट लीडर के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।”
प्राध्यापकों व कर्मचारियों ने भी दी बधाई :
स्वयंसेवकों की सफलता पर विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू प्रो डॉ महेश्वर मिश्रा, सभी पदाधिकारियों डॉ प्रियजन तिवारी, डॉ अंशु राय, डॉ सूरज कोनार, डॉ कुंदन लाल, डॉ संजय मांझी, संबंधित कॉलेज के प्राचार्य डॉ अज़फर शम्शी एवं डॉ कपिलदेव महतो और कार्यक्रम पदाधिकारियों ने बधाई दिया।
कार्यालय कर्मी सुमंत कुमार एवं सौरव शांडिल्य ने प्रेरणा कुमारी का दस्तावेज सत्यापन कर ईमेल के माध्यम से क्षेत्रीय निदेशालय पटना भेज दिया।