
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क् समस्तीपुर। लोकतंत्र के इस महापर्व में जहां आम मतदाता मतदान दिवस की तैयारी में जुटे हैं, वहीं निर्वाचन ड्यूटी में लगे कर्मियों ने भी लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
गुरुवार को संत कबीर महाविद्यालय, समस्तीपुर एवं डीएवी पब्लिक स्कूल, मोहनपुर में बनाए गए फैसिलिटेशन सेंटरों पर चुनाव ड्यूटी में प्रतिनियुक्त सभी पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम, द्वितीय और तृतीय मतदान अधिकारी, तथा विभिन्न कोषांगों में कार्यरत कर्मियों ने मतपत्र के माध्यम से उत्साहपूर्वक मतदान किया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा के नेतृत्व में और अपर समाहर्ता (आपदा) राजेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में यह विशेष मतदान प्रक्रिया पूर्णतः शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और प्रेरक माहौल में सम्पन्न हुआ।
प्रशासन द्वारा तीनों ही फैसिलिटेशन सेंटरों पर विधानसभा-वार काउंटर और सुसंगठित व्यवस्था की गई थी। प्रशिक्षण के उपरांत दोपहर से ही दोनों प्रशिक्षण केंद्रों पर मतदान कर्मियों की लंबी कतारें देखी गईं।
इसी क्रम में समाहरणालय परिसर स्थित पालना घर में अन्य जिलों से प्रतिनियुक्त कर्मियों के लिए भी फैसिलिटेशन सेंटर बनाया गया था, जहाँ महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र विवेक कुमार शर्मा ने मतदान प्रक्रिया की कमान संभाली।