
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर । सावन मास की दूसरी सोमवारी के पावन अवसर पर श्री रामचंद्र सेवा ट्रस्ट द्वारा मोरवा प्रखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खुदनेश्वर स्थान मंदिर प्रांगण में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। हर वर्ष हजारों श्रद्धालु सावन के महीने में बाबा खुदनेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। इस मौके पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में सैकड़ों श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गयी। शिविर में अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा रक्तचाप, मधुमेह, कमजोरी, पेट, हड्डी, नस संबंधित की बीमारियों आदि की जाँच की गई।
इस अवसर पर संस्था के संस्थापक व समस्तीपुर के सुप्रसिद्ध समाजसेवी चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। सावन का महीना आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर होता है।
ऐसे पावन अवसर पर मानव सेवा करना ही सच्चे अर्थो में ईश्वर की सेवा है। डाॅ सिंह ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा प्राप्त हो। इस शिविर के दौरान जब एक बुजुर्ग श्रद्धालु ने शिविर में स्वास्थ्य सेवा लेने के बाद मेरी ओर देखा और कहा बेटा, दवा मिल गई, अब बाबा का दर्शन कर लेंगे तो लगा जैसे मेरी सेवा सफल हो गई।
उन्हेांने कहा हमारी पूजा वहीं पूरी होती है, जहाँ किसी जरूरतमंद को राहत मिलती है। डाॅ सिंह ने कहा कि मैंने डॉक्टरी को पेशा नहीं, सेवा का माध्यम बनाया है। खुदनेश्वर बाबा की कृपा है कि इस पावन अवसर पर मुझे श्रद्धालुओं की सेवा करने का सौभाग्य मिला।