
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। शहर की लाइफलाइन रेल ओवरब्रिज पर मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद प्रशासन द्वारा जारी रूट प्लान से समस्तीपुर वासियों को जाम से बड़ी राहत मिली है। प्रशासन ने ओवरब्रिज बंद होने के बाद थानेश्वर स्थान के निकट और माधुरी चौक स्थित पुल पर अचानक बढ़े वाहनों के दबाव और महाजाम की स्थिति से निपटने के लिए नया ट्रैफिक मास्टर प्लान लागू कर दिया है। इसके तहत थानेश्वर पुल व माधुरी चौक पुल पर प्रशासन ने वन-वे यातायात की व्यवस्था प्रभावी कर दी है।
दो पुलों पर वन वे लागू :
नये ट्रैफिक प्लान के मुताबिक, अब थानेश्वर स्थान (मंदिर) की ओर से साइकिल और बाइक लेकर पुल पर प्रवेश करने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
इस पुल से सभी दोपहिया वाहनों और साइकिल चालकों को केवल कालीपीठ की ओर से ही पुल पर आने की इजाजत होगी। हालांकि, पैदल चलने वाले राहगीरों को इस को नियम से छूट दी गई है, वे पहले की तरह दोनों तरफ से अवागमन कर सकेंगे।
इसी प्रकार माधुरी चौक की तरफ से मालगोदाम चौक की ओर जा सकते है। उस पुल पर मालगोदाम की ओर से माधुरी चौक की ओर आना प्रतिबंधित कर दिया गया है।
पुलिस बल तैनात :
यह वन वे व्यवस्था सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक लागू रहेगा। इस नई व्यवस्था को कड़ाई से जमीन पर उतारने के लिए थानेश्वर पुल और माधुरी चौक पुल के दोनों छोरों पर पुलिस बल तैनात कर दिए गए है। नई व्यवस्था के तीसरे दिन शनिवार को भी थानेश्वर मंदिर और मालगोदम चौक की तरफ तैनात पुलिस के जवान मुस्तैद दिखे।
गुहार लगाते नोंक झोंक करते दिखे बाईक सवार :
वे थानेश्वर मंदिर की ओर से पुल पर चढ़ने का प्रयास कर रहे दोपहिया वाहन चालकों को रोक कर उन्हें माधुरी चौक स्थित पुल से तथा मालगोदाम चौक की ओर से पुलों का उपयोग करने का प्रयास कर रहे बाइक सवारों को कालीपीठ की ओर से जाने की हिदायत देकर आगे बढ़ा रहे थे। इस दौरान कई बाइक सवार पुलिस जवानों से पुल पार करने की गुहार लगाते दिखे, तो कोई नोक-झोंक करते दिखे। क्योंकि वैकल्पिक रास्ते से जाने पर उन्हें करीब डेढ़ किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी, लेकिन पुलिस ने नियमों का पालन कराने में कोई ढ़ील नहीं दी।
काम पूरा होने तक वन वे रहेगा लागू :
इस संबंध में सदर एसडीओ दिलीप कुमार ने बताया कि ओवरब्रिज पर चल रहे मरम्मतीकरण कार्य के दौरान शहर के लोगों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए यह वन-वे व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि यह प्रयोग पूरी तरह सफल रहता है, तो ओवरब्रिज का काम पूरा होने तक थानेश्वर पुल और माधुरी चौक पुल पर यही व्यवस्था लागू रहेगी।
अपील :
एसडीओ ने आम जनता से अपील की है कि, “शहर को जाम से मुक्त रखने में प्रशासन का सहयोग करें और नये ट्रैफिक नियमों का पालन अवश्य करें।”