
Oini News Network
ओइनी 24 डेस्क विद्यापतिनगर । देव नगरी विद्यापतिधाम में सावन माह की पहली सोमवारी पर एक लाख कांवरियों ने उगना महादेव पर जलाभिषेक कर पूजा अर्चना किया। रविवार के शाम से ही कांवरियों का जत्था विद्यापतिधाम में आना शुरू हो गया था। जलाभिषेक को ले सुबह दो बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर में जुटी थी।
हर हर महादेव, बोलबम के जयकारों से दिनभर विद्यापतिधाम भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुये लाइन लगाकर जलाभिषेक की व्यवस्था की गयी थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिये लाउडस्पीकर से माइकिंग की जा रही थी। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी।
मंदिर परिसर में सीओ कुमार हर्ष, बीडीओ महताब अंसारी स्वयं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कमान संभाल रखे थे। भीड़ के मद्देनजर प्रशासन की ओर से चाक चैबंद व्यवस्था की गई थी। कई जगहों पर बैरिकेटिंग की व्यवस्था थी। जिसमें सभी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। जगह जगह पुलिस बल के जवान तैनात थे।
प्रशासन की ओर से महिला व पुरुष श्रद्धालुओ के लिए अलग अलग लाइन में लगकर जलाभिषेक करने की व्यवस्था की गई थी। कांवरियों को किसी प्रकार की दिक्कतें नही हो इसके लिये पुलिस बल की व्यवस्था की गयी थी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए थानाध्यक्ष फिरोज आलम स्वयं मानिटरिंग कर रहे थे।
सीओ, आरओ को छोड़ ड्यूटी पर नही दिखे प्रतिनियुक्त अन्य मजिस्ट्रेट विद्यापतिधाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह जगह प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट अपनी ड्यूटी पर तैनात नही दिखे। जिससे कई जगह श्रद्धालुओं को कठनाई का सामना करना पड़ा।
सीओ कुमार हर्ष, आरओ अरुण कुमार शर्मा व सांखिकी पदाधिकारी रंजीत कुमार भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करते दिखे। विद्यापति धाम मंदिर मे कामेश्वर गिरि के नेतृत्व में पंडा समाज ने देर शाम भोले बाबा का विशेष श्रृंगार किया।
आस्थावान भक्तों ने भांग, धतूरा, बेलपत्र, मधु, मखाना, फूल, फल, दूध, दही, घी, मक्खन आदि अर्पित कर उगना महादेव की विशेष श्रृंगार पूजा की। देर शाम तक वर्ती महिलाओं व युवतियों का जत्था मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए उमड़ी रही। मौके पर अपर थानाध्यक्ष मोनू राय, एसआई अख्तर अंसारी, सरिता कुमारी, रंजीत कुमार, राकेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।