प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम में कैद, मतगणना 14 को


ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एक बार फिर मतदाताओं ने नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए समस्तीपुर को मतदान प्रतिशत मामले में राज्य स्तर पर दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया। जिसमें एक बार फिर पुरूषों की तुलना में महिलाओं ने अपेक्षाकृत अधिक उत्साह दिखाया और बढ-चढ कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
बताते चलें कि जिले में पूसा, विद्यापतिनगर सहित विभिन्न प्रखण्डों से कई मतदाताओं के नाम कटने की शिकायतों के बावजूद 1568036 पुरूष, 1372711 महिला और 29 अन्य कुल 2940776 योग्य मतदाता हैं। जिसमें से 1047222 पुरूष, 1062779 महिला और 6 अन्य कुल 2110007 मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिला सूचना पदाधिकारी कार्यालय से मिली अंतिम जानकारी के मुताबिक विधानसभावार इस चुनाव में जिले में करीब 72 फीसद मतदान की खबर है। जिसमें सबसे कम 139 रोसडा में 67.18 प्रतिशत और सबसे अधिक 134 उजियारपुर में 73.99 फीसद वोट डाले गये। इसके अलावा 131 कल्याणपुर में 73.68, 132 वारिसनगर में 72.13, 133 समस्तीपुर में 72.12, 135 मोरवा में 73.14, 136 सरायरंजन में 73.42, 137 मोहिउद्दीननगर में 70.39, 138 विभूतिपुर में 71.17, एवं 140 हसनपुर में 70.49 यानि कुल 71.75 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जो पिछले विधानसभा चुनाव से करीब 12 प्रतिशत अधिक है।
इस संबंध में संवाददाताओं से बात करने के दौरान जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी रौशन कुशवाहा ने हर्ष व्यक्त करते हुए तमाम जिला वासियों एवं स्वीप से जुडे कलाकारों, व कर्मियों को इसका श्रेय देते हुए उन्हें बधाई और धन्यवाद दिया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि रिकार्ड तोड मतदान की सबसे बडी वजह लोकास्था के महापर्व छठ में गांव आये बडी संख्या में प्रवासी मजदूरों की भागीदारी रही, जिन्होंने लौटने से पहले मतदान करने का फैसला किया और मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदाताओं के उत्साह का आलम यह था कि विद्यापतिनगर, मोरवा, कल्याणपुर] पूसा सहित कई प्रखण्डों में मतदान का समय खत्म होने के बाद भी देर शाम तक कई मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लम्बी-लम्बी कतारें देखी गई। जहां प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मोबाईल की रोशनी में मतदान संपन्न कराया गया।