
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “आज भी समाज का एक बड़ा वर्ग आर्थिक मजबूरी के कारण अपना उचित इलाज नहीं करा पाता है। ऐसे लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।”
सुविख्यात समाजसेवी सह चिकित्सक डॉ मनोज कुमार सिंह ने गुरुवार को नव वर्ष पर आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के दौरान उक्त बातें कही।
इस अवसर पर डॉ. सिंह ने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, “नववर्ष आप सभी के जीवन में स्वास्थ्य, सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। मेरी कामना है कि यह वर्ष हर परिवार के लिए खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य का संदेश लेकर आए।”
नए साल की शुरुआत जनसेवा के साथ :
बताते चलें कि, ‘नए साल की शुरुआत जनसेवा के साथ‘ कार्यक्रम के तहत नववर्ष के प्रथम दिन श्री रामचंद्र सेवा ट्रस्ट द्वारा शहर के आदर्शनगर स्थित श्री रामचंद्र अस्पताल में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
सुप्रसिद्ध चिकित्सक एवं संस्था के संस्थापक डॉ. मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में जरूरतमंदों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श के साथ–साथ मरीजों की रक्तचाप, मधुमेह, सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ आवश्यक दवाइयाँ निःशुल्क प्रदान की गई।
इस शिविर में आदर्श नगर सहित आसपास के इलाकों से सैकड़ों लोगों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया।
डॉ मनोज ने बताया जीवन का उद्देश्य :
इस अवसर पर डॉ. सिंह ने कहा कि, “सेवा परमो धर्मः मेरे लिए केवल एक वाक्य नहीं, बल्कि मेरे जीवन का पहला उद्देश्य है। मैं समस्तीपुर की मिट्टी में पला-बढ़ा हूँ इसलिए अपने लोगों की सेवा करना मेरा कर्तव्य है। इसलिए जब तक मुझमें शक्ति है, तब तक मैं जरूरतमंदों के लिए निःशुल्क चिकित्सा सेवा के साथ साथ हर विषम परिस्थिति में साथ खड़ा रहूँगा।”
डॉ. सिंह ने किया आह्वान :
अपने संबोधन में डॉ. सिंह ने युवाओं का, समाजसेवा से जुड़ने और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने केलिए, आह्वान करते हुए कहा कि, “यदि हर व्यक्ति थोड़ा-सा योगदान दे, तो समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।”
शिविर में कई लोग थे मौजूद :
इस चिकित्सा शिविर में चीफ मैनेजर एसबीआई (आरबीओ) अरुण कुमार, सवर्ण मोर्चा अध्यक्ष अर्जुन सिंह, डॉ आर के दिवाकर, विजय कुमार प्रभाकर, दुर्गानंद झा, आदित्य कुमार मोहम्मद अफ़शान, संजीत कुमार, नीतीश कुमार आदि मौजूद थे।