
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है और रोजगार मेले इसी संकल्प का परिणाम हैं।”
शनिवार को मंडल मुख्यालय स्थित ललित कला केंद्र में आयोजित 19वें राष्ट्रीय रोजगार मेले के दौरान केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने उक्त बातें कही।
युवाओं का भविष्य सुरक्षित :
उन्होंने कहा कि, “देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिली है। रोजगार मिलने से न सिर्फ युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो रहा है, बल्कि उनके परिवारों में भी खुशहाली का माहौल बना है।”
51 हजार युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र :
बताते चलें कि, केंद्र सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को देश भर में आयोजित राष्ट्रीय रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को विभिन्न सरकारी संस्थानों में नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
प्रधान मंत्री ने किया संबोधित :
इसी क्रम में समस्तीपुर रेल मंडल स्थित ललित कला केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में 66 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
योग्य युवाओं को मिल रहा अवसर :
अपने संबोधन में विधान पार्षद डॉ. तरूण कुमार ने कहा कि, “केंद्र सरकार युवाओं के लिए लगातार रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए योग्य युवाओं को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिल रहा है।”
किस विभाग में कितने युवाओं को मिली नौकरी :
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि, “66 युवाओं में से रेलवे के 23 पदों पर चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया गया है, जिन्हें मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं कार्यालयों में तैनात किया जाएगा। इसके अलावा डाक विभाग में 37, राजस्व विभाग में 03 तथा एयरफोर्स में 03 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया।”
फायदा और उपस्थिति :
उन्होंने कहा कि, “इन नई नियुक्तियों से कर्मचारियों की कमी दूर होगी और यात्रियों व लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।” इस अवसर पर स्थानीय विधायक अश्वमेध देवी, वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनन्या स्मृति, आरपीएफ कमांडेंट आशीष कुमार सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के परिजन उपस्थित रहे।