
दूसरे हाथों को नौकरी देंगे बिहार के युवा
ओईनी न्यूज नेटवर्क
भागलपुर। शुक्रवार को विशाल रैली के साथ सिल्क सिटी भागलपुर के टाउन हॉल में पहुंचे युवा उद्यमी एवं समाजसेवी निशिकांत सिन्हा ने जन आशीर्वाद संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
अपने संबोधन में श्री सिन्हा ने कहा कि वे नौकरी देने के वादे नहीं करेंगे। बल्कि स्किल डेवलपमेंट के माध्यम से रोजगार सृजन करने वाली पीढ़ी तैयार करेंगे। उनका संकल्प है कि बिहार से श्रम और प्रतिभा के पलायन को रोककर राज्य में ही उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा दिया जाए। जिससे अन्य राज्यों के युवाओं को भी रोजगार मिल सके।
उन्होंने शिक्षा में आधुनिक तकनीक और कौशल के समावेश से उसे व्यवहारिक और रोजगार परक बनाने की बात कही। साथ ही, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, महिलाओं और किन्नर समुदाय के सशक्तिकरण व उत्थान के लिए विशेष योजना लाने का संकल्प लिया।
इस दौरान उन्होने पिछड़े, अल्पसंख्यक, वंचित, शोषित, सहित हासिये पर पडे लोगों को खास कर आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को उनका वाजिब हक दिलायेंगे। इस दौरान उन्होंने भागलपुर को राष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन स्थल के रूप में पहचान दिलाने, सिल्क किसानों के लिए विशेष पैकेज लाने और बिहार की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का भी वादा किया।
इस अवसर पर नागमणि कुशवाहा, राकेश कुशवाहा, विकी कुशवाहा, करन सिंह समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
बाद में, संवाददाताओं से बातचीत में उनकी सूचना पदाधिकारी रेनुका सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर बिहार में राजनीतिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। ऐसे में निशिकांत सिन्हा एक यूथ आइकॉन के रूप में उभर रहे हैं।
वे बिहार के विभिन्न जिलों में जन आशीर्वाद संवाद कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से संवाद कर रहे हैं। वे सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक बदलाव लाने के अपने संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। साथ ही बिहार के विकास के लिए ठोस योजनाओं के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

