
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini24 डेस्क समस्तीपुर। परिचालनिक आवश्यकताओं एवं विकास को ध्यान में रखते हुए, केन्द्र सरकार ने पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल स्थित मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर रेलखंड को समस्तीपुर मंडल में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है।
इसके फलस्वरूप अब मुजफ्फरपुर, नारायणपुर अनंत, सिलौत, सिहो, ढ़ोली, दुबहा, विष्णुपुर बथुआ हाल्ट, खुदीराम बोस पूसा एवं कर्पूरी ग्राम स्टेशन सोनपुर मंडल से समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत आ जाएंगे। स्थानांतरण के बाद की नया क्षेत्राधिकार या कहें नई स्थिति 01 सितंबर, 2025 से प्रभावी होगा। इस संबंध में गजट जारी की जा चुकी है।
समस्तीपुर मंडल मुख्यालय से इस बाबत दी गई जानकारी के मुताबिक मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेलखंड पर बीच नई क्षेत्राधिकार सीमा मुजफ्फरपुर-रामदयालु नगर स्टेशनों के बीच किलोमीटर 50.000 पर होगी।
सोनपुर और समस्तीपुर मंडलों के बीच मुजफ्फरपुर-कपरपुरा स्टेशनों पर किलोमीटर 92.800 पर, मुजफ्फरपुर-जुब्बा सहनी स्टेशनों पर किलोमीटर 0.744 पर और समस्तीपुर-कर्पूरी ग्राम स्टेशनों पर किलोमीटर 36.820 पर मौजूदा क्षेत्राधिकार सीमाएं समाप्त समझी जाएंगी क्योंकि अब ये सीमाएं समस्तीपुर मंडल के क्षेत्राधिकार में आएंगी।