
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। बुधवार को समस्तीपुर प्रखंड के विशनपुर चौक पर इंदिरा स्मारक कमिटी द्वारा देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इंदिरा गांधी की जयंती पर उनके तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इंदिरा स्मारक कमिटी के संयोजक ठाकुर मनोज भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के संचालन समाजसेवी डोमन राय तथा धन्यवाद ज्ञापन समाजसेवी राकेश कुमार ठाकुर ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रेड यूनियन नेता सुधीर देव ने कहा कि दुनिया में आयरन लेडी के नाम से मशहूर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इंदिरा गांधी की देश के विकास में बेहद अहम भूमिका रही है। उन्होंने आत्मनिर्भरता बढ़ा कर बाहरी सहायता पर निर्भरता कम करने के लिए आर्थिक सुधार किए। बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया। खाद्य सुरक्षा के लिए उन्होंने कृषि क्षेत्र में हरित क्रांति की शुरुआत की।
इस अवसर पर समाजसेवी सह राजद नेता राकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि चट्टानी दृढ़ता के साथ देश हित में कठोर फैसले लेने वाली विश्व स्तर पर स्वीकार्य सशक्त एवं निर्भीक महिला थी इंदिरा गांधी। उन्होंने जीवन पर्यन्त देश हित को सबसे ऊपर रखा।
सभी क्षेत्रों में महिलाओं को पुरुष समान दर्जा और अधिकार दिए और खेतिहर महिला मज़दूरों को पुरुषों के बराबर मजदूरी देने का कानून बनाया, कामकाजी महिलाओं के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की।
वर्ष 1971 में पूर्वी पाकिस्तान में स्वतंत्रता संग्राम को समर्थन दे कर पाकिस्तान के साथ युद्ध किया, और उसके दो टुकड़े कर दिए जिसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश का एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र के रूप में उद्भव हुआ।
श्री ठाकुर ने कहा कि 1971 की लडाई के दौरान अमरीकी राष्ट्रपति निक्सन के 7वाँ बेड़ा भेजने की धमकी पर लौह महिला श्रीमती गांधी का जवाब कि, आप 7वाँ बेड़ा भेजो या 70वाँ कोई फर्क नहीं पड़ता, उनकी दृढ़ता और आत्मविश्वास का आईना है।
अपने संबोधन में इंदिरा स्मारक कमिटी के संयोजक ठाकुर मनोज भारद्वाज ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1984 में ऑपरेशन मेघदूत के ज़रिए सियाचिन पर भारत का कब्ज़ा कराया। उन्होंने 1974 में परमाणु परीक्षण किया, जिससे दुनिया हैरत में रही।
मौके पर वरीय कांग्रेस नेता सरोज सिंह, कांग्रेस उपाध्यक्ष रंजन शर्मा, कांग्रेस नगर अध्यक्ष डोमन राय, राजद महासचिव मनोज कुमार राय, समाजसेवी सुनील कुमार राय, कांग्रेस नेत्री देविता देवी गुप्ता, विश्वनाथ राम, सूरज राम, बच्चा बाबू गिरी, अखलाकुर रहमान सिद्दकी, छात्र कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजन वर्मा, छात्र कांग्रेस नेता अभिनव अंशु, राजद प्रखंड उपाध्यक्ष रंजीत कुमार रंभू, अनिल पांडेय, संजय झा, रामनारायण शर्मा, डाo मोहन ठाकुर, परमानंद मिश्रा, रामविलास राय, प्रमोद साह, मोo सलीम, मोo आसिफ इकबाल, जयलाल राय, बाबुल कुमार आदि मौजूद थे l