
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
डेस्क समस्तीपुर/ताजपुर । एक पेड मां के नाम अभियान के अंतर्गत आज मॉडेस्टी स्कूल में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं उनकी माताओं ने हर्षोल्लासपूर्वक बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपना कर्तव्य निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक आदर्श कुमार पिंटू एवं प्रिंसिपल अंजलि केवट ने बच्चों के साथ मिलकर पौधारोपण किया। इस दौरान श्रीमति केवट ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण एवं इसके प्रति हमारी जिम्मेदारी व कर्तव्य के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा, पेड हैं तो वायू और जल हैं, वायू और जल हैं तभी हमारा जीवन है। इसलिए पेड़ हमारे जीवन के लिए उतने ही आवश्यक हैं जितने कि जल और वायु। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अनुपम उपहार है।
बच्चों में इस आयोजन को लेकर अत्यंत उत्साह देखने को मिला। उन्होंने अपने लगाए गए पौधों को नाम देकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान शिक्षकों व अभिभावकों ने भी बच्चों के इस प्रयास की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
बाद में श्री पिंटू ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण था, बल्कि यह अपने माता-पिता के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रकट करने का एक प्रयास भी था। मौके पर प्रणव कुमार, हरिश्चंद्र कुमार, बबीता कुमारी, देव कुमार सहित स्कूल के सभी शिक्षक व अन्य कर्मी उपस्थित रहे।