
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। सक्रिय मानसून एवं कम दबाव के प्रभाव के कारण अगले पांच दिनों में उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश के आसार बने हुए हैं। अच्छी बारिश के कारण तापमान में गिरावट के साथ उमस से भी राहत मिलने की संभावना है।
डाॅ राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केन्द्र द्वारा जारी अगामी 26 जून, 2025 तक के मौसम पूर्वानुमान में उक्त बातें बताई गई है।
इस बाबत जानकारी देते हुए अध्ययन केन्द्र के नोडल पदाधिकारी डाॅ अब्दुल सत्तार ने बताया कि सक्रिय मानसून एवं कम दबाव के प्रभाव से पूर्वानुमानित अवधि में उत्तर बिहार के अधिकतर जिलों में अच्छी वर्षा होने की सम्भावना है।
22-24 जून के बीच अनेक स्थानो पर मध्यम वर्षा हो सकती है। कुछ स्थानो पर भारी वर्षा होने की भी सम्भावना है। इस अवधि के तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
पुर्वानुमानित अवधि में दिन का तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने की सम्भावना है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 90 से 95 प्रतिशत तथा दोपहर में 40 से 45 प्रतिशत रहने की संभावना है। पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 15 से 20 कि0मी0 प्रति घंटा की रफ्तार से पूरवा हवा चलने का अनुमान है।