
ओईनी न्यूज नेटवर्क
राजकुमार दास
मोरवा । सांप्रदायिक सद्भाव व सौहार्द का अनुपम स्थल है बाबा खुदनेश्वर धाम। संभवतः पूरे देश में यह इकलौता स्थल है जहां भक्त और श्रद्धालू भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं और साथ ही खुदनी बीबी के मजार पर पुष्प भी चढाते हैं। कला संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार पटना तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित खुदनेश्वर धाम महोत्सव समारोह को सम्बोधित करते हुए जिला कला संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी ने उक्त बातें कहीं।



समारोह की अध्यक्षता करते हुए मंदिर न्यास समिति अध्यक्ष इंद्रदेव शर्मा ने बताया कि देर आये दुरूस्त आये वाली कहावत की तर्ज पर इस राजकीय महोत्सव के आयोजन के साथ वर्ष 2012 में खुदनेश्वर धाम को पर्यटक स्थल घोषित करने के तेरह साल बाद मुख्यमंत्री का वचन पूरा हुआ है।



इस अवसर पर समारोह के संचालक अनंत कुमार राय ने, गंगा जमुनी तहजीब की दुर्लभ स्थली बाबा खुदनेश्वर धाम की महानता व महत्व के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए इसे अनुपम बताया। इसके पूर्व जिला संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी के द्वारा आगत अतिथियों को चादर प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।


अतिथियों के स्वागत सम्मान के बाद जिला संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार निराला, प्रखंड प्रमुख सान्या नेहा, एवं पशु प्रेमी महेंद्र प्रधान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर खुदनेश्वर धाम महोत्सव का उद्घाटन किया।


तदुपरांत गायिका साधना कुमारी ने बाबा खुदनेश्वर एवं भगवान शिव के भजनों, मसाने में खेले होली दिगंबर, आदि गीत से श्रोताओं को झूमने पर विवश कर दिया। वही कृति भारती ने, नमामी शमीशान निर्वाण रूपम् चिदाकाश माकाश वेदस्वरूपम, तथा शिव तांडव स्तोत्र की मनमोहक प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस दौरान युवा कलाश्रम के बच्चों ने संगीत एवं नृत्य से श्रोताओं को भाव विभोर किया। वहीं अनुज कुमार, संजीत कुमार, सौरव राज, किशन कुमार, आयुष्मान आर्यन,श्वेता कुमारी, चंद्र किरण, रीना कुमारी आदि कलाकारों ने अपने कार्यक्रम से श्रोताओं का मन मोह लिया।
अंत में न्यास समिति अध्यक्ष इंद्रदेव शर्मा के द्वारा जिला संस्कृति पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन एवं कला संस्कृति विभाग के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर अमित कुमार, पंचायत समिति सदस्य सुशील वर्मा, कृष्ण मोहन मिश्र, विद्यानंद झा, उमेश झा, चंदन भारती सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।