
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
डेस्क समस्तीपुर/सरायरंजन । जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र अख्तियारपुर और क्राई-चाइल्ड राइट्स एण्ड यू के संयुक्त तत्वावधान में सरायरंजन प्रखंड स्थित अख्तियारपुर में बाल संरक्षण समिति सदस्यों का उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित किया गया। जिसकी अध्यक्षता मुखिया गीता देवी ने तथा संचालन सिनियर रिसर्च कंसल्टेंट दिनेश प्रसाद चैरसिया नें किया।
इस अवसर पर जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र के अध्यक्ष गौरीशंकर चैरसिया नें कहा कि जो बच्चे हासिये पर है जिनके माता-पिता नहीं है, जो भटके हुए हैं तथा जिनके माता-पिता गंभीर रूप से बीमार है अथवा कहीं चले गए हैं या जेल में बंद है वैसे बच्चों का संरक्षण अतिआवश्यक है। ऐसे बच्चों के सुरक्षा कवच के रूप में बाल संरक्षण समिति को जवाबदेही दी गई है। इस समिति सदस्यों का दायित्व है बाल श्रम और बाल विवाह से बच्चों को संरक्षण दिलायें।
श्री चैरसिया ने कहा कि प्रायः देखा गया है कि जो बच्चे विद्यालय से वंचित हैं वैसे बच्चे ही बाल श्रम और बाल विवाह के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जबरदस्ती करने से सकारात्मक परिणाम नहीं मिलेंगे। सामाजिक माहौल बनाकर हीं बच्चों को बचाया जा सकता है।
इस दौरान सरपंच रामलखन दास ने बाल संरक्षण में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों को बाल अधिकार से लैस कराने के लिए शिक्षा बहुत जरूरी है। वहीं उप मुखिया संतोष साह ने कहा कि पंचायत को बाल हितैषी बनाने के लिए जीपीडीपी अर्थात ग्राम पंचायत विकास योजना के आधार पर काम करना होगा।
वार्ड सदस्य जगरनाथ पासवान नें कहा कि बच्चों को विकास योजना से जोड़ने की जरूरत है। उन्हेांने बताया कि कानूनन बच्चों को चार तरह के अधिकार प्राप्त है। जिनमें जीवन जीने का अधिकार, विकास का अधिकार, सुरक्षा और सहभागिता का अधिकार शामिल है।
इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने संकल्प लिया कि आगामी 15 अगस्त को होने वाली पंचायतों के ग्राम सभा में जीपीडीपी के आधार पर पंचायत में काम हो ऐसा प्रस्ताव लाया जाएगा। अंत में रामप्रीत चैरसिया ने बाल अधिकार समझौता पत्र पर संक्षिप्त चर्चा किया।
मौके पर गौतम कुमार पासवान, अरुण कुमार दास, रामलाल पासवान, शिला कुमारी, वकिल साह, सोनेलाल चैरसिया, श्याम पासवान, कृष्णा देवी, विणा कुमारी, ललिता कुमारी, किरण कुमारी, विभा कुमारी, राखी कुमारी, बलराम चैरसिया, मंतोष रजक, विकास कुमार, नवनीत कुमार, आरती देवी, हरि चैरसिया, शोभा देवी समेत दर्जनों प्रतिनिधियों ने अपना विचार व्यक्त किए। धन्यवाद ज्ञापन रविन्द्र पासवान ने किया।