गैस वितरकों के साथ समीक्षा बैठक में एसडीओ ने दिए सख्त निर्देश

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर । उपभोक्ताओं को निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार की अध्यक्षता में अनुमंडल अंतर्गत सभी अधिकृत गैस एजेंसियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपभोक्ताओं की समस्याओं तथा गैस वितरण में एजेंसियों को हो रही कठिनाइयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस अवसर पर एसडीओ श्री कुमार ने सभी एजेंसियों के प्रतिनिधियों से एक-एक कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। तत्पश्चात गैस वितरकों को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट व सख्त निर्देश दिया कि, गैस वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आम उपभोक्ताओं को नहीं हो असुविधा :
उन्होंने कहा कि, सभी उपभोक्ताओं को समय पर और सुगमता से गैस उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि, वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखा जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी एजेंसियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी होती है तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।