
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर । बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 के अन्तर्गत अभ्यर्थियों द्वारा किये गये निर्वाचन व्ययों की निगरानी के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा समस्तीपुर जिले में प्रतिनियुक्त दो व्यय प्रेक्षक क्रमशः आईआरएस कस्टम एवं एक्साईज बी० विजय एवं आईआरएस आईटी धीरज कुमार बघेल ने शनिवार को अभ्यर्थी व्यय अनुश्रवण कोषांग, के कार्यों की समीक्षा की।
समीक्षा के क्रम में अभ्यर्थी व्यय का आकलन हेतु गठित सभी दलों के कार्यों का रिपोर्ट लिया तथा आवश्यक निर्देश दिये।
इस क्रम में उन्होने कहा कि कॉल सेन्टर पर कार्यरत पदाधिकारी अभ्यर्थी व्यय अनुश्रवण कोषांग से संबंधित सभी कॉल का ब्यौरा संधारित करें। वहीं नोडल पदाधिकारी, अभ्यर्थी व्यय अनुश्रवण कोषांग को लेखा जाँच हेतु तिथि निर्धारित करने तथा सभी अभ्यथियों को इसकी सूचना ससमय प्रेषित करने के निर्देश दिये। नोडल पदाधिकारी, अभ्यर्थी व्यय अनुश्रवण कोषांग कृष्णा मोहन सिंह ने प्रेक्षक द्वय को सविस्तार कोषांग की अद्यतन जानकारी दी।
बताते चलें कि चुनाव के विधिवत अधिसूचना के साथ ही प्रेक्षक द्वय समस्तीपुर पधारे और आते ही दोनो व्यय प्रेक्षकों ने जिले के पूसा अवस्थित अतिथि गृह में समस्तीपुर के बैंक अधिकारियों एवं सहायक व्यय प्रेक्षकों के साथ प्रारंभिक मुलाकात की। दोनों को क्रमशः 5-5 विधान सभाओं केलिए अधिसूचित किया गया है।
आगमन के साथ ही व्यय प्रेक्षक द्वय ने बैंक के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वच्छ एवं निष्पक्ष चुनाव कराने हेतु बैंको में संदेहास्पद संव्यवहार की प्रतिदिन समीक्षा करते हुए एक प्रतिवेदन अभ्यर्थी व्यय अनुश्रवण कोषांग को प्रेषित करेंगे।
साथ ही बैंक में दस लाख रूपये से अधिक नकदी के जमा निकासी किये जाने या आरटीजीएस के माध्यम से किसी प्रकार के संदेहास्पद लेन-देन से संबंधित सूचनाओं को आयकर विभाग के नोडल पदाधिकारी को भेजना सुनिश्चित करेंगे।
सभी स्थैतिक निगरानी दल एवं उड़नदस्ता दल राजनीतिक दलों पर कड़ी नजर रखेंगे और मतदाताओं को प्रलोभन देने हेतु उनके बीच नकद राशि, शराब, मादक पदार्थ, बहुमूल्य वस्तु उपहार अथवा रिश्वत आदि के रूप में वितरित किये जाने की सूचना प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।