
ओईनी न्यूज नेटवर्क
Oini 24 समस्तीपुर। ‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान के तहत सोमवार को राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, हरपुर सिंघिया जगतसिंहपुर में जिला स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी प्रतियोगिता आयोजित की गई। शिक्षा विभाग, बिहार शिक्षा परियोजना एवं सर्व शिक्षा अभियान के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के सभी प्रखंडों से चयनित 135 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
दो वर्गों में हुई प्रतियोगिता :
कक्षा एक से पांच तथा छह से आठ के बच्चों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से अपने सपनों के भारत को कागज पर उकेरा। चित्रों में स्वच्छ, शिक्षित, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के साथ पर्यावरण संरक्षण, सेवा भावना और देश की प्रगति के संदेश प्रमुखता से दिखे।
दोनों वर्गों से प्रथम, द्वितीय तृतीय चयनित :
कक्षा एक से पांच वर्ग में विद्यापतिनगर की अमीबा प्रवीण प्रथम, सरायरंजन के मो. सुफियान शाहिद द्वितीय, पटोरी के सरोज तृतीय और हसनपुर की रितिका चतुर्थ स्थान पर रहीं। वहीं कक्षा छह से आठ वर्ग में सरायरंजन की वैभव कुमारी प्रथम, बिथान की तान्या तेजस्वी द्वितीय, विभूतिपुर की प्रतिभा कुमारी तृतीय और हसनपुर के ऋषिकेश राज चतुर्थ रहे।
उदघाटन व स्वागत :
इसके पूर्व शिक्षा विभाग के लेखा पदाधिकारी सुनील कुमार, संभाग प्रभारी हरिश्चंद्र राम, शिक्षक सुभीत कुमार सिंह एवं अमरेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। तत्पश्चात छात्राओं ने स्वागत गीत एवं स्काउट-गाइड दल ने बैंड की धुन पर मार्च पास्ट कर अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। तत्पश्चात डॉ. संजय प्रसाद प्रधानाध्यापक ने अतिथियों एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों को अंगवस्त्र, पाग और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
योगदान व सहयोग :
कार्यक्रम का संचालन मनीषा शालिनी ने किया। सदफ नाज, डॉली कुमारी एवं सृष्टि आनंद ने निर्णायक की भूमिका निभाई। आयोजन की सफलता में रंजीत कुमार, मिंटू कुमार, चंदन कुमार, अखिलेश कुमार सिन्हा सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने उल्लेखनीय सहयोग किया।