
Oini 24
ओईनी न्यूज डेस्क समस्तीपुर । इंडिया गठबंधन समन्वय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय बारह पत्थर मोहल्ला में राजद जिला अध्यक्ष रोमा भारती की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कांग्रेस, राजद, भाकपा (माले), सीपीआई, सीपीएम एवं वीआईपी पार्टी के जिला अध्यक्ष/सचिव उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि बचे हुए प्रखंड, पंचायत एवं बूथ स्तर पर समन्वय समिति का शीघ्र गठन किया जाएगा ताकि संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत किया जा सके। साथ ही, बैठक में मतदाता सूची के लिए फॉर्म भरवाने के बावजूद मतदाताओं को उसकी प्राप्ति रसीद नहीं दिए जाने पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं मतदाता के अधिकारों पर प्रश्नचिन्ह लग रहा है।
इस पर इंडिया गठबंधन जिला समिति द्वारा प्रशासन से यह मांग की गई कि सभी मतदाताओं को समय पर प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराई जाए। इसके अतिरिक्त, दिनांक 09 जुलाई 2025 को आयोजित राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय चक्का जाम कार्यक्रम की शत-प्रतिशत सफलता के लिए महागठबंधन की ओर से पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनमानस का आभार प्रकट किया गया।
बैठक में कांग्रेस से मो. अबु तमीम, देवेंद्र नारायण झा, राजद से राजेश्वर महतो, सत्यविंद पासवान, भाकपा (माले) से उमेश कुमार, सीपीएम से रामाश्रय महतो, सीपीआई से रामचंद्र महतो, सुधीर कुमार देव, वीआईपी से आदर्श कुमार पिंटू आदि मौजूद थें।
बैठक ने स्पष्ट संदेश दिया कि महागठबंधन जनहित के मुद्दों पर एकजुट है और आने वाले समय में जन-संवेदनशीलता के हर विषय पर सामूहिक हस्तक्षेप करता रहेगा।