
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेल तथा प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, मुख्यालय, हाजीपुर के आदेश एवं मण्डल रेल प्रबंधक तथा वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, समस्तीपुर के दिशा निर्देशन मे यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से समस्तीपुर मण्डल द्वारा मेगा टिकट चेकिंग अभियान के तहत टिकट जांच लगातार जारी है।
इसी क्रम में मंगलवार को समस्तीपुर मंडल के समस्तीपुर, बापूधाम मोतिहारी, नरकटियागंज, सहरसा, बनमनखी, जयनगर, रक्सौल,दरभंगा, पूर्णियाँ कोर्ट, सहरसा, सरायगढ़ एवं सुपौल स्टेशनों पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसमे कुल 6579 मामलों से ₹.53.09 लाख राजस्व की प्राप्ति हुई। इस अभियान मे 215 टीटीई एवं अधिकारियों की टीम शामिल थी।
उक्त जानकारी देते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया है कि बिना टिकट यात्रा करने के शौकीनों को हतोत्साहित करने केलिए जारी इस टिकट जांच अभियान में मंडल के 11 ऐसे टीटीई हैं जिन्होंने अकेले 100 से ज्यादा बिना टिकट यात्रा कर रहें यात्रियों या अनियमित यात्रियों को पकड़ा है। जिन्हें प्रोत्साहित करने केलिए मंडल रेल प्रबंधक ने सम्मानित करने का निर्णय लिया है।
इन ग्यारह टीटीई में जयंत कुमार, समस्तीपुर, सतवीर, दरभंगा, विवेक पोद्दार, रक्सौल, टुनटुन रॉय टाइगर स्क्वायड समस्तीपुर, अब्दुल हन्नान अंसारी, नरकटियागंज, मो. दाऊद, नरकटियागंज, दीपक कुमार, सीतामढ़ी, मो. सरफराज़ अहमद, बापूधाम मोतिहारी, प्रमोद कुमार, बापूधाम मोतिहारी, अविनाश कुमार, नरकटियागंज, एवं दिवाकांत भास्कर, दरभंगा शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि लागातार टिकट जांच का असर दिख भी रहा है, मंडल के लगभग सभी स्टेशनों के टिकट खिड़कियों पर यात्रा टिकट लेने के लिये यात्रियों की अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है। यत्रियों से अपील है कि उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें।