
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा प्रथम रैंडमाइजेशन के माध्यम से प्रथम स्तरीय जाँच में सही पाये गये ईवीएम एवं वीवी पैट को विधानसभावार यादृच्छिक रूप से आवंटित कर दिया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी के हवाले से इस बाबत जानकारी देते हुए जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय ने बताया कि
प्रथम रैंडमाइजेशन भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल इवीएम मैनेजमेंट सिस्टम (ईएमएस) के माध्यम से संपन्न होता है। इससे संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश भारत निर्वाचन आयोग के ईवीएम मैनुअल में भी वर्णित है। यह मैनुअल भारत निर्वाचन आयोग के वेबसाईट https://www.eci.gov.in/evm&vvpat पर उपलब्ध है।
श्री राय ने बताया कि विगत 11 अक्टूबर को समाहरणालय सभाकक्ष, में विधानसभा क्षेत्र 131-कल्याणपुर (अ०जा०), 132-वारिसनगर, 133-समस्तीपुर, 134-उजियारपुर, 135-मोरवा, 136-सरायंरजन, 137-मोहिउद्दीननगर, 138-विभूतिपुर, 139-रोसड़ा (अ०जा०), 140-हसनपुर के अनुसार राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 के दौरान उपयोग की जाने वाली ईवीएम एवं वीवीपैट का प्रथम रैंडमाइजेशन किया गया था।
इस दौरान भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कॉग्रेस, आम आदमी पार्टी, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माकर्ससिस्ट) राष्ट्रीय जनता दल, जनता दल यूनाईटेड, राष्ट्रीय लोक जन शक्ति पार्टी (रामविलास), राष्ट्रीय लोक समता पार्टी, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माकर्ससिस्ट-लेनिनिस्ट-लिबरेशन), नेशनल पिपुल्स पार्टी, बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित थें।
प्रथम रैंडमाइजेशन पूर्ण होने के उपरांत, विधानसभा क्षेत्रवार आवंटित ईवीएम एवं वीवीपैट की] जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं उपस्थित दलों के प्रतिनिधियों द्वारा हस्ताक्षरित सूची सभी राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के जिला स्तरीय कार्यालय में भी उपलब्ध करा दिया गया है। इसी सूची के अनुसार ईवीएम एवं वीवीपैट जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन पदाधिकारियों को उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके उपरांत संबंधित विधानसभा क्षेत्र के लिए निर्धारित स्ट्रॉग रूम में मान्यता प्राप्त दलों प्रतिनिधियों की उपस्थिति में भंडारित कर दिया जाएगा। साथ ही चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची को अंतिम रूप दिये जाने के बाद प्रथम रैंडमाइजेशन में चयनित ईवीएम एवं वीवीपैट की सूची उम्मीदवारों को भी उपलब्ध करायी जाएगी।