
ओईनी न्यूज नेटवर्क
समस्तीपुर। शहर के ताजपुर रोड, स्थित समता सदन में वरिष्ठ अधिवक्ता शिवचंद्र प्र राजगृहार की अध्यक्षता में होली-मिलन समारोह “रंग-भंग-उमंग भौजी के संग” कार्यक्रम के रूप में अनोखे अंदाज में सम्पन्न हुआ।


इस अवसर पर अधिवक्ता समदर्शी राजगृहार को “रंगा सियार ” की उपाधि और शिक्षाविद डॉ परमानन्द लाभ की रचना “कहू कोन अन्हेर भेलै होली मे ” का लोकार्पण विशेष आनंददायक पल रहे। मुख्य अतिथि कुसुम पाण्डेय स्मृति साहित्य सेवा संस्थान के सचिव शिवेन्द्र पाण्डेय मौजूद थे।


कार्यक्रम का आरंभ डॉ रामसूरत और राजकुमार चौधरी के होली गीत से हुआ। इसके पुर्व प्रवीण कुमार चुन्नू के संचालन में पीयूसीएल के महासचिव अशोक कुमार वर्मा ने आगत अथितियों का स्वागत किया।पुनश्च साहित्यकार विनयकृष्ण ने रोचक व मनमोहक अंदाज में विषय-प्रवेश कराया।


तदुपरांत गीतकार उदय शंकर चौधरी की होली-गीत-प्रस्तुति ने लोगों को झूमा दिया। डॉ रामसजीवन पाण्डेय, डॉ केशव कुमार सिंह, अरविंद सत्यदर्शी, किशोरी सिंह, प्रो रीता वर्मा, प्रो अंजु कुमारी, रंजनालता आदि ने अपनी-अपनी मोहक रचना का सस्वर पाठ किया।





मौके पर हंसी ठहाकों व कहकहों के बीच सुस्वाद पकवानों का भी लोगों ने जम कर लुत्फ उठाया, जमकर रंग-गुलाल उड़ाए और एक-दूसरे को गले लगा कर होली की बधाई दी। जोगिरा की बरसात ने उपस्थित समुदाय को लोटपोट होने में कोई कसर बांकी नहीं रखा। धन्यवाद ज्ञापन सवर्ण मोर्चा के अध्यक्ष अर्जुन प्र सिंह द्वारा किया गया। मौके पर दर्जनों महिला-पुरुषों ने इस रंगारंग कार्यक्रम का आनंद लिया।