ओईनी न्यूज नेटवर्क
समस्तीपुर । बिहार दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ समस्तीपुर सिटी एवं श्री रामचंद्र सेवा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में रूपनारायण पुर, बेला में निःशुल्क मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस हेल्थ कैंप में लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से निःशुल्क प्रदान की जाएंगी।


उक्त जानकारी देते हुए रामचंद्र सेवा ट्रस्ट के संस्थापक रोटेरियन डाॅ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि हेल्थ कैंप के माध्यम से स्थानीय लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। जिसमें लोगों को निःशुल्क न्यूरोपैथी जांच, सुगर जांच, मास डेंसिटी जांच, रक्त परीक्षण किया जायेगा। इस दौरान मुफ्त आर्थराइटिस कीट और दवाइयों का वितरण भी किया जाना है। इसके अलावा, साथ हीं कई प्रकार के रोगों का निःशुल्क उपचार भी किया जाएगा।


इस शिविर में समस्तीपुर के रोटरी क्लब के विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ व अनुभवी चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। इसमें सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. जी. सी. कर्ण, डॉ. सी. बी. सिंह, डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ. कुमार देवाशीष, डॉ. सुषमा शिखा और डॉ. शशिकांत कुमार जैसे सम्मानित चिकित्सक शामिल होंगे।


कैंप के संयोजक समस्तीपुर के सुप्रसिद्ध चिकित्सक रोटेरियन डॉ. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि यह हेल्थ कैंप निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवन जीने के प्रति जागरूक भी करेगा। डॉ. सिंह ने यह भी बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और हर व्यक्ति तक उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधा पहुँचाना है।


वहीं रोटरी क्लब समस्तीपुर के अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. सीबी सिंह ने कहा है, कि रोटरी क्लब स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के निर्माण केलिए समर्पित व संकल्पित है। हमारा यह प्रयास समाज की सेवा में महत्वपूर्ण कदम है हम सभी मिलकर इसे सफल बनाएंगे और सुनिश्चित करेंगे कि अधिक से अधिक लोग इस हेल्थ कैंप का लाभ उठाएं।


जबकि रोटरी क्लब समस्तीपुर के सचिव रोटेरियन रजनीश अग्रवाल ने कहा, यह हेल्थ कैंप स्थानीय समुदाय के लिए एक अनमोल उपहार होगा, जो उन्हें निःशुल्क उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा। हम चाहते हैं कि इस कैंप के माध्यम से सभी लोग स्वस्थ रहें और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े।


इस संबंध में रोटेरियन डाॅ अमृता कुमारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य को लेकर लोग अपेक्षाकृत अधिक लापरवाह होते हैं। इसलिए इन इलाकों में स्वास्थ्य शिविर लगाने स्वस्थ समाज निर्माण में सार्थक पहल है।
