
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। श्री रामचंद्र सेवा ट्रस्ट द्वारा विभूतिपुर प्रखंड के सिंघिया घाट में समस्तीपुर के प्रसिद्ध चिकित्सक श्री रामचंद्र सेवा सदन के निदेशक डॉ. मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में भव्य नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अपने उद्घाटन संबोधन में डाॅ. सिंह ने इस शिविर के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि, स्वास्थ्य ही जीवन का सबसे बड़ा वरदान है और यही वह सम्पत्ति है, जो हमें हर कठिनाई से लड़ने की शक्ति देती है। जब भी कोई व्यक्ति बीमारी के कारण पीड़ित होता है, तो सिर्फ शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक और भावनात्मक रूप से भी वह बहुत संघर्ष करता है। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम उसकी मदद करें और उसे वह इलाज मुहैया कराएं, जिसकी उसे जरूरत है।
यह शिविर सिर्फ इलाज के उद्देश्य से नहीं, बल्कि समाज में एक संदेश देने के लिए आयोजित किया गया है। जीवन की सबसे बड़ी सफलता यही है कि हम दूसरों की मदद कर सकें। जब एक व्यक्ति स्वस्थ होता है, तो वह अपने परिवार और समाज के लिए अधिक योगदान दे सकता है।
उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि हर किसी के पास डॉक्टर के पास जाने के लिए पैसे नहीं होते या उन्हें सही इलाज का समय नहीं मिल पाता। इसलिए मैं यह चिकित्सा शिविर आयोजित करता हूं, ताकि किसी को भी बीमारी के कारण कोई परेशानी न हो। मैं सिर्फ एक चिकित्सक ही नहीं, बल्कि आपके साथी और मित्र के रूप में भी यहां खड़ा हूं। मेरी कोशिश है कि आप सभी एक स्वस्थ और खुशहाल जीवन जी सकें। आप भी अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें, नियमित चेकअप कराएं और कभी भी यह न भूलें कि शरीर ही वह साधन है, जिसके माध्यम से हम अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं। हमारे समाज का हर व्यक्ति स्वस्थ हो, यही मेरी सबसे बड़ी ख्वाहिश है। हम सब मिलकर इसे संभव बना सकते हैं।
वहीं मातृका अस्पताल की निदेशक स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुषमा शिखा ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण परामर्श और उपचार प्रदान किया। डॉ. शिखा ने महिलाओं के स्वास्थ्य पर बल देते हुए कहा कि महिलायें परिवार की धुरी होती हैं, इसलिए उनका सही देखभाल और समय पर इलाज बहुत आवश्यक है।

इस चिकित्सा शिविर में हजारों मरीजों ने नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श, दवाइयां और विभिन्न प्रकार के जांच सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में ग्रामीणों का उमड़ा हुजूम इस बात का गवाह है कि सेवाओं की आवश्यकता कितनी महत्वपूर्ण है।
मौके पर प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि दिलीप कुमार सिंह (पप्पू सिंह), मुखिया अरुण कुमार, समाजसेवी ऋषि कुमार, संजय कुमार, चंद्रशेखर प्रसाद सिंह, दिलीप कुमार सिंह, अवधेश कुमार वार्ड सदस्य, बालेश्वर पंडित, ओमप्रकाश, अभिषेक सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।