
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क हाजीपुर। सरकार कदाचार मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए जितने प्रयास करती है आपराधिक प्रवृत्ति के लोग उसमें उतना ही छेद ढूंढ लेते हैं। हालांकि कई बार वे अपनी कोशिशों में विफल भी होते हैं मगर कोशिश करने से बाज नहीं आते।
सोमवार को रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा जारी लेवल 1 परीक्षा के दौरान ऐसा ही एक मामला प्रकाश में आया जब कांटी स्थित iON डिजिटल जोन पर किसी दूसरे के बदले परीक्षा दे रहे एक युवक को रेलवे भर्ती बोर्ड मुजफ्फरपुर की टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
बताते चलें कि इन दिनों रेलवे में लेवल-1 पदों की भर्ती के लिए, रेलवे भर्ती बोर्ड, मुजफ्फरपुर के अधिकार क्षेत्र में मुजफ्फरपुर शहर सहित पूरे भारत में अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) 27.11.2025 से आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर में 03 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित किया जा रहा है।
हरबार की तरह निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने के लिए रेलवे अधिकारियों, रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारियों के साथ-साथ जिला प्रशासन की स्थानीय पुलिस को सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा की हर तरह से निगरानी के लिए तैनात किया गया है।
इसी क्रम में दिनांक 14.12.2025 को दूसरी पाली में, CBT केंद्र iON डिजिटल ज़ोन, iDZ कांटी, मुजफ्फरपुर में, एक परीक्षार्थी राजा कुमार, रोल नंबर 2482442504703197 भी परीक्षा देने पहुंचा। उम्मीदवार के आधार का सत्यापन किया गया, तो बायोमेट्रिक पंजीकरण के दौरान आवेदन की तस्वीर और लाइव पंजीकरण की तस्वीर के बीच फेस-मैचिंग प्रतिशत केवल 6% पाया गया। इसके अलावा, ई-कॉल लेटर पर लिए गए हस्ताक्षर आवेदन पत्र पर दिए गए हस्ताक्षर से मेल नहीं खा रहे थे।
यह जानकारी परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी (ECA) के तकनीकी व्यक्तियों ने रेलवे से तैनात केंद्र समन्वयक, सहायक वाणिज्य प्रबंधक समस्तीपुर विश्वजीत को दी।
पूछताछ करने पर, परीक्षा देने पहुंचे युवक ने पकड़े जाने के बाद तुरत स्वीकार कर लिया कि वह दूसरे उम्मीदवार की जगह परीक्षा देने आया था। गिरफ्तार युवक ने अपना नाम राजेश कुमार, पुत्र अविनाश राय, गांव+पोस्ट: गनीपुर बेझा, थाना: सकरा, जिला: मुजफ्फरपुर, पिन कोड-843501 बताया।
इस मामले में राजा कुमार के बायोमेट्रिक डेटा में हेरफेर किया गया था। लेकिन इमेज मैचिंग सिस्टम की मजबूती और रेलवे अधिकारियों की सतर्कता के कारण फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। उसने फोटो मिलाने और बायोमेट्रिक डेटा में छेड़छाड़ की बात कबूल की।
हालांकि उक्त युवक भेद खुलने के बाद परीक्षा केंद्र की दीवार फांदकर भागने की कोशिश किया, किन्तु परीक्षा केंद्र पर तैनात स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के कर्मियों की सतर्कता और फुर्ती के आगे पस्त हो गया और पकड़ा गया।
रेलवे सुरक्षा बल, मुजफ्फरपुर के कांस्टेबल ओम प्रकाश यादव और सुजीता कुमारी ने उसे स्थानीय पुलिस स्टेशन, कांटी को सौंप दिया। इसके साथ ही पुलिस इस रैकेट का पता लगाने में जुट गई है।
अध्यक्ष, रेलवे भर्ती बोर्ड, मुजफ्फरपुर सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, को सदस्य सचिव, रेलवे भर्ती बोर्ड, मुजफ्फरपुर रितेश रंजन, ने मामले की जानकारी दी।
सहायक वाणिज्य प्रबंधक/समस्तीपुर विश्वजीत, कार्यालय अधीक्षक, समस्तीपुर दीपक कुमार सहित रेलवे अधिकारियो ने रेलवे सुरक्षा बल, मुजफ्फरपुर के कांस्टेबल ओम प्रकाश यादव, एवं सुजीता कुमारी, कार्यालय अधीक्षक अजय कुमार, और मोहम्मद गोपनीय सहायक, रेलवे भर्ती बोर्ड, मुजफ्फरपुरकैसर परवाज, ने, जिला प्रशासन द्वारा तैनात पुलिस कर्मियों, कांटी पुलिस स्टेशन के त्वरित कार्रवाई की सराहना की।