
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
ताजपुर । शुक्रवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में दिल्ली पब्लिक स्कूल ताजपुर ने बेस्ट ऑफ द वेस्ट थीम पर भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया। जिसमें कक्षा एक्सप्लोरर से लेकर 9वीं तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता का अद्भुत परिचय दिया।

इस अवसर पर स्वागत सम्मान के बाद आगत अतिथियों ने करतल ध्वनि के बीच प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। तदुपरान्त मुख्य अतिथि डीपीओ, नमामि गंगे, नीरजेश कुमार, तथा विशिष्ट अतिथि नगर आयुक्त, ताजपुर नगर परिषद सचिन कुमार एवं अतिथियों ने एक-एक प्रोजेक्ट्स का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से उनके प्रयोग और उपयोगिता के बारे में विस्तार से चर्चा की।
प्रदर्शनी में बच्चों ने कई रोचक और प्रासंगिक विज्ञान परियोजनाओं का प्रदर्शन किया। जिनमें प्रमुख रूप से वेस्ट से बिजली उत्पादन, स्मार्ट सिंचाई प्रणाली, ऊर्जा संरक्षण, परमाणु ऊर्जा संयंत्र मॉडल, मैगलेव ट्रेन के साथ स्मार्ट सिटी आधुनिक कृषि प्रणाली आदि शामिल थे। इस क्रम में बच्चों ने प्रोजेक्ट के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, ग्रीन एंड क्लीन सिटी, का भी संदेश दिया।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन नयी पीढी में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और नवाचार को प्रोत्साहित करने का एक बेहतरीन मंच हैं। भारत सरकार भी ‘Empowering Indian Youth for Global Leadership in Science and Innovation for Viksit Bharat 2025’ जैसी पहल के माध्यम से विज्ञान और नवाचार को बढ़ावा दे रही है।”
वहीं विशिष्ट अतिथि श्री सचिन ने विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे बदलावों और भारत की प्रगति पर चर्चा करते हुए कहा कि, “विज्ञान केवल किताबों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे प्रयोगों और व्यावहारिक ज्ञान के माध्यम से समझना चाहिए।” उन्होंने विद्यार्थियों को रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान के लिए वैज्ञानिक सोच विकसित करने की प्रेरणा दी।
इस दौरान मशहूर गायक रोकी सिंह और कोलकाता की प्रसिद्ध गायिका सपना चक्रवर्ती ने अपनी संगीतमयी प्रस्तुति से सभा में चार चाँद लगा दिए। वहीं मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए शीर्ष 5 छात्रों को केंद्रीय सरकार द्वारा प्रकाशित विज्ञान से संबंधित पुस्तकें प्रदान कर सम्मानित किया।
मौके पर विद्यालय पर प्रधानाचार्य हिमांशु शेखर पांडे, शिक्षकगण, सैकड़ों की संख्या में अभिभावकगण, अमित कुमार वर्मा (आशा सेवा संस्थान), जितेंद्र कुमार (इलाइट क्लब), राकेश कुमार, हाजी खुर्शीद खान, अजहर मिकरानी (वार्ड काउंसलर), डॉ रूमी, प्रो शाजिया परवीन, मनोज कुमार झा, राम चंद्र सिंह निषाद, नूतन कुमारी, मनीष राज, राज सुमित मौजूद थे।