
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। शहर के मालगोदाम चौक स्थित लेनिन आश्रम परिसर में सोमवार को खेग्रामस जिला प्रभारी सह राज्य उपाध्यक्ष जीवछ पासवान एवं मनरेगा संघ के जिला प्रभारी उपेन्द्र राय की उपस्थिति में शहरी मजदूर महेन्द्र साह की अध्यक्षता में एवं मनोज पोद्दार के संचालन में अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) की एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें जीवछ पासवान, उपेन्द्र राय, ज्ञांति देवी, चिंता देवी, पवन देवी, विरेन्द्र शर्मा, राहुल कुमार, विजेन्द्र नट, संगीता देवी, सोमनी देवी आदि ने संबोधित किया।
पुनर्वास या बासगीत पर्चा देने की गारंटी करे प्रशासन :
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि, जिले के हसनपुर अंचल के मंगलगढ़ के गरीब भूमिहीनों को जमींदारों सामंतों पुलिस गुंडा गठजोड़ द्वारा 907 घरों को उजारकर बोल्डोज कर दी गई और जान लेवा हमला कर दर्जनों लोगों को घायल कर दिया गया। उनके साथ–साथ जिले के विभिन्न अंचलों में उजारे गये गरीबों व भूमिहीनों के पुनर्वास की व्यवस्था की जाय या फिर बासगीत पर्चा देने की गारंटी की जाय।
तत्कालीन डीएम एवं डीआरएम ने कुष्ठ कॉलोनी के रूप में बसाया :
शहरी क्षेत्र में स्थित उन मजदूर व भीख मांगने वाले गरीबों को भी वासगीत पर्चा दिया जाए, जिन्हें मालगोदाम से पूरब सड़क किनारे 1999-2000 ई० में तत्कालीन डीएम एवं रेल प्रबंधक ने कुष्ठ कॉलोनी के रूप में बसाया था।
डेरा डालो – घेरा डालो कार्यक्रम 12 मार्च से :
उक्त जानकारी देते हुए भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि, विभिन्न अंचलों के गांवों में बर्षो से बसे हुए गरीब भूमिहीनों को अंचलाधिकारी द्वारा जबरन हटाने व उजारने की नोटिस वापस लेने एवं बसे हुए को बासगीत परचा देने के मुद्दे पर भाकपा (माले) एवं अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) संयुक्त बैनर तले जिला समाहर्ता के समक्ष सरकारी बस स्टैण्ड परिसर में 12 मार्च से अनिश्चितकालीन डेरा डालो – घेरा डालो आंदोलन किया जाएगा।