
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। मानव जीवन में सफलता का मूल मंत्र ‘निरंतर प्रयासरत’ रहना है। इसी सोच के साथ नगर निगम समस्तीपुर शहर की मूल समस्याओं के समाधान की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। नगर क्षेत्र बुढ़ी गंडक, रेलवे लाइन एवं जमुआरी के आसपास सीमित भू-भाग में फैला होने तथा जनसंख्या वृद्धि के कारण शहर में लगातार जाम की समस्या बनी रहती है।
जनप्रतिनिधियों ने रेल मंत्री को लिखा पत्र :
इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। जिसमें महापौर अनिता राम, स्थानीय विधायक अश्वमेध देवी एवं भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने संयुक्त रूप से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिख कर काली पीठ से राम बाबू चौक होते हुए स्टेशन रोड तक शहर के दक्षिणी हिस्से में स्थित दुकानदारों को रेलवे की खाली पड़ी भूमि पर प्रस्तावित मल्टी फंक्शनल कॉम्प्लेक्स में स्थानांतरित करने की मांग की है।
शहर को जाम से राहत रेल राजस्व में वृद्धि :
जनप्रतिनिधियों ने रेल मंत्री से मुलाकात कर उन्हें इस प्रस्ताव के विभिन्न लाभों से अवगत कराया। इस क्रम में उन्होंने बताया कि, “दुकानदारों के शिफ्ट होने से एक तरफ जहां रेलवे के राजस्व में वृद्धि होगी, वहीं दूसरी तरफ नए स्व रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इससे शहर को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।”
आम जन से सहयोग की अपील :
महापौर श्रीमती राम ने इस पहल को लेकर विधायक अश्वमेध देवी एवं राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे शहर के विकास की दिशा में एक सार्थक कदम बताया। नगर निगम ने इस योजना को सफल बनाने के लिए आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है।