
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। औचक निरीक्षण के दौरान सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक के बंद पाए जाने पर भड़के डीएस डॉ. गिरीश कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इस मामले में चार कर्मियों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
बताते चलें कि सोमवार को डी एस डॉ गिरीश ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इसी क्रम में ब्लड बैंक बंद मिला था। फोन पर संपर्क करने पर ब्लड बैंक कर्मियों ने बताया कि वे हसनपुर कैंप में गए हुए हैं। बिना पूर्व अनुमति और उच्चाधिकारियों को सूचित किए ब्लड बैंक बंद रखने को प्रशासन ने गंभीर लापरवाही करार दिया और चारों कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा है।
जिन कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है, उनमें परिचारिका श्रेणी-ए कुमारी निशा, लैब टेक्नीशियन सुशांत कुमार, लैब टेक्नीशियन दीपक कुमार और डाटा ऑपरेटर निशु कुमारी शामिल हैं।
डीएस डॉ. गिरीश कुमार ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि ब्लड बैंक बंद रहने से जनहित से जुड़े कार्य प्रभावित हो सकते थे, जो अत्यंत खेदजनक है। यह निश्चित ही उच्चाधिकारियों के आदेशों का उल्लंघन और मनमानी है। सभी कर्मियों को विभागीय कार्रवाई की चेतावनी देते हुए 24 घंटे के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया है।