
ओईनी न्यूज नेटवर्क
समस्तीपुर। समस्तीपुर शहर के ख्यातिलब्ध चिकित्सक कुशल फिजीशियन एवं सर्जन डाॅ. राजीव कुमार मिश्रा नहीं रहे। सोमवार देर शाम उनका अकस्मात निधन हो गया। हरदिल अजीज, हंसमुख, मिलनसार, व सरल व्यक्तित्व के धनी, अपने पिता स्व डाॅ आरपी मिश्रा की समृद्ध चिकित्सकीय व सामाजिक दायित्वों की विरासत संभाल रहे डॉ. मिश्रा के मौत की सूचना मिलते ही जिले भर के चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

उनकी मौत की पुष्टि चचेरे भाई अमरेश मिश्रा ने की है। बताया गया है कि सोमवार दोपहर बाद उनकी तबियत अचानक ज्यादा बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उन्हें पटना ले जाया गया। जहां एक निजी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया था। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उनके एक करीबी रिश्तेदार केशव किशोर ने बताया कि उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। यहां एंबुलेंस में वे आराम से बैठे थे। महुआ पहुंचने तक उनकी हालत बिगडने लगी, हाजीपुर पहुंचने तक उन्होंने ने अंतिम सांस ली थी। वे अपने पीछे पत्नी डॉ. कनुप्रिया मिश्रा व दो पुत्र को छोड़ गए हैं।
बताते चलें कि डॉक्टर मिश्रा के पिता डॉक्टर आरपी मिश्रा समस्तीपुर शहर के जाने-माने चिकित्सक थे। डाॅ मिश्रा व उनकी पत्नी स्त्री रोग सह बांझपन विशेषज्ञ डॉक्टर कनुप्रिया दोनों पति पत्नी ने मिलकर गत वर्ष ही मोहनपुर रोड में मेडिकाना मल्टी स्पेशलिटी हाॅस्पीटल की स्थापना की थी। जिसका अभी 22 फरवरी को स्थापना दिवस मनाया गया था।
बताते चलें कि डॉक्टर मिश्रा की पार्थिव शरीर देर रात समस्तीपुर लाया गया। मंगलवार को सिमरिया घाट पर दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया।
विदित हो कि डॉक्टर मिश्रा और उनकी पत्नी कनुप्रिया सामाजिक क्षेत्र में भी काफी सक्रिय रहे हैं। डाॅ आरपी मिश्रा स्वास्थ्य सेवा ट्रस्ट के माध्यम से तथा रोटरी क्लब से जुड़कर समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहे थे। उनके अंतिम दर्शन व श्रद्धांजलि देने केलिए मेडिकाना परिसर उनकी अंतिम यात्रा निकलने तक लोगों का तांता लगा रहा।
मौके पर भाजपा नेता रंजीत निर्गुणी, राजद नेता राकेश ठाकुर, रोटेरियन डाॅ अमृता कुमारी, अरूण कुमार, अजीत पाॅल, विमल केडिया, सहित जिले के कई चिकित्सक, समाजसेवी, राजनेता एवं मेडिकाना से जुडे कर्मियों व बडी संख्या में दवा प्रतिनिधियों ने उनके अंतिम दर्शन कर उन्हें अंतिम विदाई दी।
