
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । धरती हमारी मां के समान है और आज यह मां प्रदूषण, वृक्षों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से घायल है। धरती को मांता और पकृति को अपना कहने की नहीं समझने और महसूस करने की जरूरत है। जब तक हम धरती और प्रकृति से भावनात्मक जुडाव महसूस नहीं करेंगे तब तक इसमें सुधार की कोई उम्मीद नहीं है।
श्री रामचंद्र सेवा ट्रस्ट के संस्थापक डाॅ मनोज कुमार सिंह ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित पर्यावरण जागरूकता साईकिल रैली एवं पौधा वितरण कार्यक्रम के अवसर पर उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि यह सत्य न सिर्फ हमें मानना होगा बल्कि हमे हृदय से महसूस भी करना होगा। आज हमने बच्चों के हाथों में पौधे दे कर इसी दिशा में एक पहल के तहत हमने आने वाले कल को संवारने की एक छोटी सी शुरुआत की है।
बताते चलें कि विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आज समस्तीपुर के पटेल मैदान में श्री रामचंद्र सेवा ट्रस्ट द्वारा भव्य साइकिल रैली एवं पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. सिंह ने कहा कि आज का दिन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आत्ममंथन का क्षण है।
उन्होंने यह भी कहा कि साइकिल रैली का उद्देश्य केवल पैडल चलाना नहीं, बल्कि बदलाव की ओर एक कदम है। यह सिर्फ एक दिन का संकल्प नहीं, बल्कि जीवन भर की जिम्मेदारी है। अगर एक बच्चा भी आज के इस कार्यक्रम से प्रेरित होकर एक पौधा लगाता है या एक दिन के लिए भी साइकिल से स्कूल जाता है, तो यही हमारी सबसे बड़ी सफलता होगी।
मैं चाहता हूं कि आने वाली पीढ़ियां जब इस धरती पर कदम रखें, तो उन्हें वह स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और हरियाली मिले जिसकी कल्पना हमारे पुरखों ने की थी। आइए, हम सब मिलकर इस धरती को फिर से सांस लेने लायक बनाएं। साइकिल रैली पटेल मैदान से प्रारंभ होकर गोलंबर, समस्तीपुर समाहरणालय, ओवरब्रिज होते हुए पुनः पटेल मैदान पहुंच कर समाप्त हुई।
रैली के दौरान बच्चों और युवाओं ने पर्यावरण से संबंधित नारों और स्लोगनों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इस कार्यक्रम में समस्तीपुर के कई शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भागीदारी रही।
कार्यक्रम में संजय कुमार सिंह, सीपी सिंह, बब्लू रावत, पप्पू कुमार और अंकित कुमार, अर्जुन सिंह, मेयर प्रतिनिधि भूपनेश्वर राम, राजन सिंह, विजय महतो, जिप सदस्य सत्यप्रकाश कुशवाहा, अमित कुमार बब्लू तथा डॉ. संजीव कुमार की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों में पौधे वितरित किए गए और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।