
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। समाचार चैनलों और सोशल मीडिया पर बारीक नजर रखी जाए ताकि चुनाव प्रक्रिया की शुचिता बनी रहे। डीएम ने जोर देकर कहा कि यदि किसी भी प्लेटफॉर्म पर कोई भी भ्रामक खबर या आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वाली सामग्री पाई जाती है, तो उसे अविलंब संबंधित विभाग के संज्ञान में लाकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विधान सभा चुनाव के सफल संचालन के उद्देश्य से, जिला पदाधिकारी समस्तीपुर, रौशन कुशवाहा, ने जिला मुख्यालय में मीडिया/सोशल मीडिया/एमसीएमसी कोषांग का विधिवत उद्घाटन के पश्चात, कोषांग के पदाधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश देते हुए उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि यह कोषांग निर्वाचन अवधि के दौरान सभी प्रकार के मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पैनी निगरानी रखने के लिए स्थापित किया गया है। कोषांग के सदस्यों को प्रतिदिन प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, केबल नेटवर्क एवं सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी राजनैतिक दल अभ्यर्थी के पक्ष में प्रकाशित खबरों, का एक विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर अभ्यर्थी कोषांग में जमा करना होगा।
श्री कुशवाहा ने मीडिया/सोशल मीडिया/एमसीएमसी कोषांग को बहुत ही महत्वपूर्ण बताते हुए सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन तत्परता और एकाग्रता के साथ करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर नजारत उप समाहर्ता-सह-नोडल पदाधिकारी मीडिया कोषांग, श्री रजनीश कुमार राय, उप निर्वाचन पदाधिकारी, श्री विनोद कुमार, तथा अन्य वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे। यह कोषांग चुनाव की पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।