
ओईनी न्यूज नेटवर्क
समस्तीपुर/पूसा। भाकपा-माले के प्रखंड सचिव अमित कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम जोड़ने को लेकर पूसा प्रखंड में अवैध वसूली का धंधा परवान पर है।दलाल-बिचौलियों के द्वारा लाभुकों से ₹500 से लेकर 2 हजार रूपये तक की अवैध वसूली की जा रही है। जबकि नाम जोड़ने में किसी प्रकार की राशि नहीं लेना है। वास्तविक एवं योग्य लाभुकों द्वारा राशि देने में असमर्थता जताने पर उन्हें इस योजना का लाभ भविष्य में नहीं मिलने की बात कहकर बरगलाया जा रहा है। लाभुकों ने बताया है कि जियो टैगिंग कर सूची में नाम जोड़ने के नाम पर राशि की मांग की जा रही है। पंचायतों में बिचौलिये खुलेआम राशि की वसूली कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि अवैध वसूली अविलंब बंद नहीं किया गया तो भाकपा-माले प्रखंड स्तरीय आंदोलन चलाने को बाध्य होगी। प्रखंड विकास पदाधिकारी से उपरोक्त संबंध में बातचीत करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।